बुधवार, 1 अक्टूबर 2025

कलम का मूल्य: प्रेमचंद की पीड़ा से विनोद कुमार शुक्ल की प्रसन्नता तक

हाल ही में हिंदी के वरिष्ठ कथाकार और कवि विनोद कुमार शुक्ल को उनके लेखन के एवज में लगभग तीस लाख रुपये की रॉयल्टी प्राप्त हुई। यह समाचार हिंदी साहित्य के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। किंतु इस प्रसंग का महत्त्व केवल एक लेखक की व्यक्तिगत उपलब्धि तक सीमित नहीं है। यह हमें उस बुनियादी प्रश्न की ओर ले जाता है जिसे हम बार-बार टालते रहे हैं। प्रश्न वही सदियों पुराना कि क्या हमारा समाज अपने लेखकों को उनके श्रम का उचित मूल्य दे रहा है? प्रत्येक साहित्यिक सृजन और उसके प्रतिफल के बीच संतुलन कैसे स्थापित हो?

साहित्य केवल भावनाओं या कल्पनाओं का खेल नहीं है। वह लेखक के जीवनानुभव, संवेदनशीलता, ज्ञान और दृष्टि की उपज है। एक उत्कृष्ट रचना के पीछे वर्षों का अध्ययन, आत्ममंथन और लेखकीय साधना निहित होती है। समय की तो बात ही अलग है। फिर भी हिंदी में प्रायः लेखन को ‘त्याग’ और ‘सेवा’ के चश्मे से देखा गया। परिणाम यह कि लेखक को उसके हिस्से का उचित आर्थिक मान-सम्मान नहीं मिला। ऐसे प्रतिकूल वातावरण में विनोद कुमार शुक्ल जैसे मितभाषी, अंतर्मुखी और गहन साहित्यकार के लेखन का आर्थिक मूल्यांकन होना सुखद अनुभव कराता है। यह हमें स्मरण दिलाता है कि लेखक का श्रम उतना ही महत्वपूर्ण है जितना किसी वैज्ञानिक, शिक्षक या कलाकार का।

यदि समाज लेखक को उसके श्रम का उचित प्रतिफल नहीं देगा तो साहित्य धीरे-धीरे केवल ‘शौक़’ बनकर रह जाएगा। रचनात्मकता, जो जीवन की गहरी मानवीय संवेदनाओं की अभिव्यक्ति है, तब मात्र खाली समय की सजावट बन जाएगी। लेखक का श्रम केवल कलात्मक नहीं, बल्कि सामाजिक भी है। वह अपनी लेखनी से समाज की विवेक-दृष्टि को जगाता है, अन्याय और विसंगतियों को उजागर करता है, उन सपनों को शब्द देता है जिन्हें आमजन केवल महसूस करते हैं। लेकिन यदि वही लेखक अपनी रचनाओं से समाज को आलोकित करने के बावजूद अपने जीवन की बुनियादी ज़रूरतों के लिए संघर्ष करता रहे, तो धीरे-धीरे उसकी लेखनी बोझिल हो जाएगी। तब समाज को दर्पण दिखाने का उत्तरदायित्व कौन निभाएगा और कैसे?

विनोद कुमार शुक्ल हिंदी के उन दुर्लभ लेखकों में हैं जिनकी रचनाएँ गहन संवेदनाओं और अद्भुत सादगी से भरी हुई हैं। ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ या ‘नौकर की कमीज़’ जैसी कृतियाँ बताती हैं कि वे कैसी सहजता से मामूली जीवन में भी असाधारण अर्थ खोज लेते हैं। ऐसे लेखक को जब सम्मानजनक रॉयल्टी मिलती है तो यह केवल उनका ही सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे साहित्य जगत के लिए संदेश है कि लेखक के श्रम का मूल्य देना संभव है, बशर्ते हम ईमानदार और सजग हों। यह प्रसंग हिंदी प्रकाशन जगत के लिए एक मानक बनना चाहिए। यह उदाहरण हमें यह सोचने के लिए भी बाध्य करता है कि अब तक हिंदी समाज ने क्यों इतने बड़े पैमाने पर अपने लेखकों की उपेक्षा की है।

हालाँकि उपेक्षा का यह प्रश्न नया नहीं है। लगभग सौ वर्ष पहले कथा सम्राट प्रेमचंद भी इसी पीड़ा से गुज़रे थे। वे अपने समय के सर्वाधिक लोकप्रिय और प्रख्यात लेखक थे, किंतु उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय रही। उनके लिखे पत्र बताते हैं कि लेखक का जीवन कितना विषम और दुरूह है। वह समाज के लिए जलता है पर स्वयं अंधकार में जीता है। वे बार-बार यह इंगित करते रहे कि साहित्य से जीवन निर्वाह लगभग असंभव है।

प्रेमचंद का जीवन हमें यह बताता है कि साहित्यकारों की आर्थिक दुर्दशा केवल व्यक्तिगत कमजोरी नहीं, बल्कि सामाजिक उपेक्षा का परिणाम थी। आज यदि विनोद कुमार शुक्ल जैसे लेखक को तीस लाख की रॉयल्टी मिलती है, तो यह एक नये दौर का संकेत है। यह बताता है कि जो कमी प्रेमचंद के समय में थी, उसे अब सुधारा जा सकता है बशर्ते हम समाज, प्रकाशक और पाठक मिलकर लेखक को उसका उचित मूल्य देने का संकल्प करें।

लेखक और पाठक के बीच सेतु प्रकाशक ही होते हैं। प्रकाशन केवल छपाई और वितरण की प्रक्रिया नहीं है; यह एक सामाजिक और नैतिक उत्तरदायित्व भी है। प्रकाशक यदि पारदर्शिता, ईमानदारी और दूरदृष्टि से कार्य करें तो लेखक का जीवन और साहित्य का भविष्य दोनों संवर सकते हैं।

हिंदी में यह दुर्भाग्य रहा है कि अधिकतर लेखक अपने प्रकाशकों से असंतुष्ट रहे हैं। उन्हें ठीक-ठाक रॉयल्टी नहीं मिलती, अनुबंध स्पष्ट नहीं होते और कई बार बिक्री के वास्तविक आँकड़े लेखक से छिपा लिए जाते हैं। जबकि अंग्रेज़ी या अन्य भाषाओं के साहित्यकार अपने लेखन से सम्मानजनक आय अर्जित कर लेते हैं। कम से कम दूर से तो यही प्रतीत होता है।

लेखक केवल सृजनकर्ता नहीं, बल्कि अपनी रचना का वैधानिक स्वामी भी है। कॉपीराइट कानून और बौद्धिक संपदा अधिकार लेखक को यह सुनिश्चित करते हैं कि उसकी रचना से होने वाली आर्थिक कमाई का उचित हिस्सा उसे मिले। दुर्भाग्य यह है कि हिंदी समाज में इन अधिकारों की जानकारी और सजगता अभी भी सीमित है। कई लेखक अपनी परिस्थितियों के कारण अपने अधिकारों से समझौता कर लेते हैं। आवश्यकता इस बात की है कि लेखक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और प्रकाशक भी उन्हें सम्मानपूर्वक स्वीकार करें। यह तभी संभव होगा जब साहित्यिक समाज में यह स्पष्ट मान्यता बने कि रचना केवल भावनात्मक उपहार नहीं, बल्कि मूल्यवान बौद्धिक संपत्ति है।

यहाँ पाठक वर्ग की भूमिका भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। बल्कि पाठक ही लेखक का असली संबल हैं। यदि पाठक ईमानदारी से पुस्तकें खरीदें, पायरेटेड प्रतियों से बचें और पुस्तक को केवल मनोरंजन नहीं बल्कि एक मूल्यवान अनुभव मानकर खरीदें तो प्रकाशक को लाभ होगा और लेखक का जीवन भी सहज और बेहतर हो सकता है। तभी ही यह साहित्यिक संसार स्वस्थ रह पाएगा।

यदि मूल्य न मिला तो परिणाम केवल व्यक्तिगत हानि तक सीमित नहीं रहेंगे। तब साहित्य से वह धारदार आलोचनात्मक दृष्टि खो जाएगी जो समाज को आईना दिखाती है। तब कविता में वह करुणा नहीं होगी जो टूटे हुए हृदयों को सहारा देती है। तब कथा में वह गहनता नहीं होगी जो जीवन की असमानताओं को उजागर करती है। तब शब्द, मार्गदर्शक नहीं बन सकेंगे।

लेखन केवल तब तक जीवित और प्राणवान रह सकता है जब तक लेखक को यह विश्वास है कि उसका समाज उसे सुन रहा है, समझ रहा है और उसके श्रम का सम्मान कर रहा है। अन्यथा निराश हो वह इसका विकल्प तलाश करेगा और लेखन मात्र शौकिया रह जाएगा।

निस्संदेह, तीस लाख की रॉयल्टी प्राप्त करना एक बड़ी उपलब्धि है। यह हिंदी लेखक के निराश, हताश समय में आशा की किरण है। लेकिन यह भी ध्यान रखना होगा कि यह उदाहरण अपवाद बनकर न रह जाए। यदि केवल कुछ गिने-चुने लेखक ही रॉयल्टी से सम्मानजनक जीवनयापन कर पाएँ, तो यह स्थिति स्वस्थ नहीं कहलाएगी। हिंदी समाज को चाहिए कि वह एक ऐसी व्यवस्था विकसित करे, जहाँ अच्छे से अच्छे और नए से नए लेखक को भी अपनी रचनात्मकता का उचित प्रतिफल मिले। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि लेखक के अधिकार सुरक्षित हों, प्रकाशक अपनी जिम्मेदारी निभाएँ और पाठक वर्ग पुस्तकों को सम्मानपूर्वक खरीदे। तभी साहित्य का भविष्य उज्ज्वल होगा और हिंदी लेखनी को वह प्रतिष्ठा मिलेगी जिसकी वह सदा से अधिकारिणी रही है।

- प्रीति अज्ञात 

'हस्ताक्षर' अगस्त-सितंबर 2025 अंक में प्रकाशित संपादकीय -

https://hastaksher.com/the-value-of-writing-from-premchands-pain-to-vinod-kumar-shuklas-happiness/


बुधवार, 24 सितंबर 2025

आलू की सब्जी

 

एक बार का बड़ा मजेदार किस्सा है। यह जब घटित हुआ था, तब बहुत दुखदायी था लेकिन अब सोचकर भी हँसी आती है। तो हुआ यूँ कि हर रोज की तरह उस दिन भी हमने लंच तैयार किया। पूरा खाना टेबल पर रख दिया और बच्चों को लेने बस-स्टॉप पहुँच गए। बच्चे जूनियर स्कूल में थे और 1.30 बजे उनकी बस आ जाती थी। बच्चे बस से उतरकर सबसे पहले यही पूछते कि आज लंच में क्या है? सो उस दिन भी पूछा। अपन ने ठसक से बताया कि आज तो तुम दोनों की पसंद के 'दम आलू' बनाए हैं। यहाँ यह बताती चलूँ कि सब्जियों के मामले में दोनों बच्चों की पसंद बिल्कुल अलग है। तो रोज अलग-अलग सब्जी बनती थी लेकिन 'आलू' उनकी एकता का प्रतीक बनकर उभरता और मेरे लिए राहत सामग्री।  

'दम आलू' सुनते ही बच्चे उछल पड़े और स्वाद बनाते हुए ठुमक-ठुमककर हम तीनों घर की ओर बढ़ चले। भिया! पाँच मिनट में ही दोनों बच्चे डायनिंग टेबल पर जमा हो चुके थे। मम्मी जी भी खाने की प्रतीक्षा में थीं। अपन ने दाल परोसना शुरू ही किया था कि दोनों एक सुर में बोल उठे, "मम्मी, बस सब्जी दो। उसी से खाएंगे।" हमने भी मन ही मन सोचा कि "कोई बात नहीं बच्चू! इसी दाल को आटे में गूँधकर शाम को निबटा दूँगी। अभी तुम्हें हमारी recycle कला का अंदाज़ा ही कहाँ हैं!"

मुस्कुराते हुए हमने स्टील के टिफ़िन को खोलने के लिए हाथ बढ़ाया। लेकिन यह क्या! टिफ़िन बाबू तो सरकारी ठेके के बाजू वाले नाले में पड़े बंदे की तरह एकदम टाइट थे। "हेहेहे, अभी खोलती हूँ", कहते हुए हमने थोड़ा जोर लगाया। पर क्या मज़ाल कि ढक्कन खुल जाए। फिर किचन में जाकर चाकू लाए कि तनिक घुसेड़ के ढक्कन उचका लें तो कुछ काम बने! पर हियाँ तो ढक्कन ने मुँह ऐसा भींचा हुआ था कि तनिक साँस भी न जा सके। अब का करें, भैया! बच्चों के सूखे, निराश चेहरे और मम्मी जी की व्यग्रता चरम पर थी। भूख फुफकारें मार रही थी। अपन 'कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती' वाले राष्ट्रीय सुविचार को अपने निजी दिल में सँजोये अपने ही व्यक्तिगत हाथों से अभी भी जुटे हुए थे। चारों ओर से तमाम रायें (रायचंदों की) हमें मदहोश कर रहीं थीं। चिड़चिड़ाहट ने हमारी मुस्कान में बेदर्दी से सेंध लगा दी थी। इतना थक गए कि कुछ पल के लिए टिफ़िन को टेबल पर रख दिया और उसे घूरने लगे। मानो, हमारी थकेली आग्नेय दृष्टि से लज्जिताकर ढक्कन खुदै उछलकर प्राण तज देगा। उसे शर्मिंदा न होना था , सो न हुआ। 
बेटी ने कहा, "मम्मी, इसे लुढ़का लो।" हमें लगा कि बस इतने ही बुरे दिन आ गए हैं कि सपरिवार सब्जी को जमीन से चाटकर खाएंगे।  "अरे, फैल जाएगी न" हमने भन्नाकर कहा। तो बेटे साब बोले, "मम्मी, बड़ी वाली ट्रे में ठोकते हुए लुढ़काते हैं। उसमें फैलेगी तो खा भी सकते हैं न?" अब ये वाला आइडिया थोड़ा ठीक लगा। फिर क्या था, मैंने ट्रे संभाली, बेटा कभी टिफ़िन के ढक्कन को तो कभी टिफ़िन को ठोकता, लुढ़काता आगे बढ़ाता और बेटी हमारा हौसला बुलंद करती। मम्मी जी मन मसोसकर हमारा बेहूदा तमाशा देखती रहीं। आखिर ये सब्जी तो उन्हें भी पसंद थी। 

इस नौटंकी के बाद भी पराजय पेट के द्वार पर खड़ी दिख रही थी। अचानक हमको, हमारे नाना जी वाला मंत्र याद आया - टिफ़िन को पानी में रखने का। "बस, तुम लोग 5 मिनट रुको। देखना, कैसे फटाक से खुलेगा।" अपुन का खोया आत्मविश्वास अचानक कंधे पर गर्दन धर फिर मुस्कियाया। एक परात में पानी भरा और उसमें माननीय टिफ़िन जी के स्नान का प्रबंध किया गया। दस मिनट बाद भी फिर वही 'मौत का कुआं' सामने। जैसे सब्जी वाला टिफ़िन धरती माँ के गर्भ में ही समा चुका हो। 

अब तो बच्चों के भी बेसुध होने का पल आ चुका था। मम्मी जी भी दो-तीन बार कह चुकी थीं, "अरे! जो है, वही दे दो।" बताइए, लोग समझौता करने को भी तैयार थे। हारकर, खिसियाई नजरों से अपना यही मौलिक मुँह लिए हम उठे। आखिरी कोशिश करते हुए सब्जी वाले टिफ़िन को फ्रीज़र में रखा और सबको बिना सब्ज़ी वाला खाना परोस दिया। लोकतंत्र में विकल्प तो होते ही हैं। तो लो, ये दही है, अचार है, सलाद है। 
बच्चों की प्लेट में वही तिरस्कृत दाल थी। स्वाद बनाने को हमरे नौनिहालों ने रतलामी सेव और ले लिए थे क्योंकि दही दोनों ही नहीं खाते थे। हमें अब भी यह उम्मीद थी कि खाना खत्म होने से पहले टिफ़िन खुल ही जाएगा और हमारे हाथ का जादू, पल भर में माहौल खुशनुमा कर देगा। पर काहे होगा खुशनुमा! वही बुझे चेहरों से सबने खाना खाया। दूसरी सब्जी के बनने का धैर्य भी दम तोड़ चुका था। 
तो उस दिन पेट की संसद दही, अचार और रतलामी सेव से ही चली। और दम आलू जी हम सबका माइक बंद कर शान से बोले कि "आज की कार्यवाही स्थगित की जाती है। कल फिर प्रयास कीजिए।"
दही इस बात से खुश कि आज उन्हें मम्मी जी की थाली में चरित्र भूमिका की बजाए मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला। मिक्स अचार भी जैसे खिल्ली उड़ाते हुए कह रहा हो कि "जब असली सरकार फेल हो जाए तो गठबंधन सरकार ही काम आती है। खी खी खी।"

इधर हम अब तक इस बात पर खुद को माफ़ नहीं कर पा रहे थे कि बदतमीज टिफ़िन का ढक्कन हमने लगाया ही क्यों? जबकि ऐसा ही एक अनुभव पुलाव के साथ हम झेल चुके थे। लेकिन तब स्थिति तनावपूर्ण किन्तु नियंत्रण में थी। इस बार तो मामला बहुत खराब हुआ। 
यह सीख भी मिली कि 'दम आलू, कभी-कभी दम ही निकाल देता है।' और यह भी कि  भिया! 'कोशिश करने वालों की खूब हार होती है और बेइज्जती भी जमकर होती है इसलिए तुम ज्यादा कोशिश न करते हुए फटाफट दूसरी सब्जी बना लेना।' तब zomato /swiggy नहीं थे साब जी। कहा न, घटना हड़प्पाकालीन है। 
डिनर टाइम पर जब उसी टिफ़िन की ओर लजाते हुए, हाथ बढ़ाया तो वे ऐसे खुले कि मानो, हम बंद ही कब हुए थे, जी!
- प्रीति अज्ञात 

रविवार, 21 सितंबर 2025

रविवार की सुबह का कोमल राग


रविवार की सुबह में जो महक है वह किसी और सुबह में नहीं होती। यह एक अतिरिक्त स्निग्धता और कोमलता से भरी सुबह है जिसमें बहती हवा और ठाठ से पसरती रोशनी मानव हृदय के भीतर भी उजास भरती प्रतीत होती है। अगर सप्ताह के दिन मोबाइल के अलार्म की ध्वनि, किचन में कुकर की बजती सीटी और फुटपाथ पर चलते तेज़ कदमों की आहट हैं, तो रविवार इस व्यस्तता से भरे पलों में ली गई चैन की लंबी साँस है जो जीवन की मशीनरी में एक विराम देकर कुछ आराम पाती है। इसमें शांति और मनमर्जी की निजी अठखेलियाँ हैं।

छुट्टी की इस सुबह की सुंदरता सबसे पहले उसकी नीरवता में महसूस होती है। सड़कें जो प्रायः यातायात से गुलज़ार रहती थीं, अब कुछ यूँ खामोश लगती हैं, मानो दुनिया ने शांति- समझौते पर सहमति जताई हो। यहाँ तक कि पक्षी भी अलग तरह से गाते प्रतीत होते हैं। वे आँगन, खिड़कियों में तसल्ली से बैठते हैं, मानो उन्हें भी समय की ढीली लगाम का एहसास हो और पता हो कि आज खिड़कियाँ फटाक से बंद नहीं होंगी। कोई उन्हें दाना-पानी देना भूलेगा नहीं। सूरज चचा पर्दों से झाँकते, झिझकते अंदर आते हैं और दीवारों पर सुनहरी चित्रकारी बना फैल जाते हैं। वे चाहते हैं कि पर्दे खिसकाकर उन्हें आमंत्रित किया जाए तो ही अपना राग छेड़ेंगे।  

इस सुबह जागने में भी एक आत्मीयता होती है। इतराता हुआ आलस घेर लेता है और आप अचानक नहीं उठते, बल्कि आराम से कुछ सोचते हुए उठते हैं। कुछ क्षण बिस्तर पर यूँ ही बैठे रहते हैं जैसे कोई पत्ता शांत पानी की सतह पर तैर रहा हो। शरीर हल्का महसूस करता है, आत्मा ज़्यादा स्वतंत्र महसूस करती है क्योंकि उसे पता है कि आगे आने वाले घंटे किसी ज़िम्मेदारी के बंधन में अटके हुए नहीं हैं। यह आज़ादी सूक्ष्म होते हुए भी गहन लगती है और इसे हम धीरे-धीरे चाय की चुस्कियाँ लेते हुए, केतली से दोबारा कप भरते हुए एक  उत्सव की तरह जीते हैं।

रविवार, सूर्य का दिन है। एक अनोखी लय होती है इसमें। सोच रही हूँ कि इसे इतवार क्यों कहते होंगे? कहीं इतराने से ही तो यह इतवार नहीं बन गया? आज के दिन रसोई में कोई हड़बड़ी और जल्दी-जल्दी टिफिन की पैकिंग नहीं बल्कि रौनक और गर्मजोशी होती है। नाश्ते की खुशबू धीरे-धीरे फैलती है, प्यालों की खनक आवाज देती है और एक-एक कर सारे सदस्य डायनिंग तक खिंचे चले आते हैं। किसी के लिए पोहा-जलेबी का दिन है तो कोई समोसा-कचौड़ी से रात भर का व्रत तोड़ता है। कहीं कॉफ़ी का बड़ा मग है तो कहीं कुल्हड़ में दमकती चाय। स्वाद चाहे जो भी हो, रविवार की सुबह का नाश्ता शरीर को नहीं, बल्कि आत्मा को पोषित करता है।

दूसरे दिनों में, ज़िंदगी तेज़ी से गुज़रती है; फूलों के पास से बिना नज़र घुमाए निकल जाते हैं, पक्षियों की आवाज़ जैसे सुनाई ही नहीं पड़ती। साँसें चलती तो हैं पर उन्हें जिया नहीं जाता। लेकिन रविवार की सुबह इंद्रियों को धीमा कर देती है। यह वो दिन है जहाँ पौधे आमंत्रित करते हैं। हम देखते हैं कि कैसे हौले से सूरज की रोशनी पत्तों को एक चमक के साथ स्पर्श करती है, कैसे ओस घास पर लुढ़कती है, कैसे हवा शीतलता और उम्मीद लेकर इर्दगिर्द चक्कर काटती है।

रविवार की सुबह केवल काम से छुट्टी ही नहीं, बल्कि स्वयं के होने का एक कोमल स्मरण भी है। बच्चों के लिए, रविवार की सुबह मौज-मस्ती की होती है। किसी गली में क्रिकेट के बल्ले की आवाज़, तो कहीं ज़मीन पर फुटबॉल की धमक के साथ जमकर हो-हल्ला। स्कूल यूनिफॉर्म और पढ़ाई से मुक्ति का बिगुल तो शनिवार रात को ही फूँक दिया जाता है। माता-पिता के लिए बिना घड़ी देखे अखबार पढ़ना, दिन को बदलते हुए देखना और थोड़ी आरामतलबी से बैठना रविवार है तो बुज़ुर्गों के लिए यह स्मृतियों में उतर जाना और लाडलों को यह समझाना है कि कैसे कभी परिवार भरे-भरे भी होते थे। रविवार की सुबह सबकी होती है। हाँ, लेकिन हर दिल से यह उसके ही अंदाज़ में बात करती है।

इस सुबह में प्रार्थनाएँ हैं, पवित्रता है और कृतज्ञता का भाव भी स्वाभाविक रूप से उमड़ पड़ता है। हम इस जीवन के लिए, क्षणिक विश्राम के लिए कृतज्ञ होते हैं।

यह भी सच है कि आज़ादी के घंटे मधुर हैं पर क्षणभंगुर भी हैं। दिन आगे बढ़ेगा, सप्ताह वापस आएगा, और दायित्व की चक्की फिर घूमेगी। शायद यही जागरूकता रविवार की सुबह को इतना अनमोल बनाती है। यह गोधूलि बेला या पारिजात के  फूलों की तरह सुंदर है। इसका उपहार हर छह दिन बाद की उपस्थिति है।

जैसे-जैसे अगली सुबह होती है, दुनिया फिर से हलचल मचाने लगती है। दुकानें खुलती हैं, सड़कें अपनी सरसराहट में फिर लौट आती हैं और सुनहरी खामोशी दिन की हजारों आवाज़ों में विलीन हो जाती है। लेकिन दिल अपने भीतर रविवार की कृपा का अवशेष समेटे रहता है। आने वाले हफ़्ते  को जीने के लिए एक शांत शक्ति हमें रीचार्ज कर देती है।

रविवार की सुबह की खूबसूरती सिर्फ़ उसकी शांति में ही नहीं, बल्कि सीख में भी निहित है। सीख, जो हमें याद दिलाती है कि ज़िंदगी केवल एक अनवरत दौड़ नहीं है। इसका आनंद तसल्ली से उठने में, चिड़ियों की चहचहाहट में, चाय की खुशबू में, साथ की गर्माहट में और बिना जल्दबाजी के जीने की सरल क्रिया में लिया जा सकता है। सीख, हौले से कहती है कि समय, जब कर्तव्य से मुक्त होता है, तो खालीपन नहीं बल्कि आनंद और प्रचुरता से भर जाता है।

हमारे जीवन में, रविवार की सुबह एक सौम्य प्रस्तावना है। यह समय एक विराम है जो आत्मा को जीवन की ऑर्केस्ट्रा के फिर से शुरू होने से पहले खुद को लय में लाने का मौका देता है। यद्यपि यह तेज़ी से बीत जाता है, लेकिन इसका मृदु, कोमल, शाश्वत संगीत हमारा हौसला बनाए रखता है।

- प्रीति अज्ञात

आज 'स्वदेश सप्तक' में प्रकाशित 


रविवार, 24 अगस्त 2025

सबका राज़दार लाल डिब्बा

 


लाल लैटर बॉक्स का जाना हमारी सामूहिक स्मृतियों में दर्ज एक महत्वपूर्ण अध्याय के मिट जाने जैसा है। ऐसा अध्याय जिसे अल्फ़ा नौनिहालों ने कभी पढ़ा ही नहीं! शायद आगे की पीढ़ियाँ अपने बच्चों को बतायें कि 21वीं सदी से पहले सड़क के किनारे मौसम की हर मार सहता एक लाल डिब्बा हुआ करता था जो गाँव-शहर में सबका राज़दार था। वे बच्चे हैरान हो उस किस्से को ऐसे ही सुनेंगे जैसे हमने कबूतरों द्वारा संदेश पहुँचाने की तमाम गाथाओं को सुना था। फिर एक दिन धातु से बने इस डिब्बे को किसी संग्रहालय में भी रख दिया जाएगा और गाइड, पर्यटकों को अंतर्देशीय पत्र और पोस्टकार्ड के अंतर किसी वीडियो द्वारा समझा रहा होगा। यह वो इतिहास है जिसे हम बनता हुआ देख रहे हैं।

जाने कितनी ही यादें हैं जो लैटर बॉक्स और चिट्ठियों से जुडी हैं। अंतर्देशीय की तहों में मूक  भावनाएं लिपटी रहती थीं। हम छोटे-छोटे अक्षरों में लिखते कि ज्यादा कह सकें। संक्षिप्त में लिखना हो, तब भी पोस्टकार्ड को डिब्बे में सरकाते समय एक बार और पढ़ लिया जाता। लिफाफों का वजन तौला जाता। प्रेम की तमाम चिट्ठियां सबकी आँखों से बचाकर चुपचाप लेटर बॉक्स में डाल दी जातीं और मन-ही-मन उनके सुरक्षित पहुँचने की प्रार्थना भी की जाती। फिर धड़कते दिल से पत्र के उत्तर का इंतज़ार होता। कितने ही शहरों के पिनकोड ज़बानी याद थे।

लैटर बॉक्स मानवीय भावनाओं का मौन साक्षी रहा है। अतः उसकी विदाई किसी भौतिक वस्तु की विदाई नहीं बल्कि एक अनुभूति और जुड़ाव की विदाई है। यही तो था जो शहर में गए बेटे को उसके गाँव से और ससुराल में बैठी बेटी को उसके मायके से जोड़ता था। छात्रावास में रहने वाले बच्चे माँ की रसोई याद करते और पिता चिट्ठियों में तमाम सलाह लिख इसी लैटर बॉक्स में उड़ेल दिया करते। डाकिया इनके बीच जादूगरी का काम करता और कभी सुख तो कभी दुःख बाँट आता। वह तो नियति का वाहक ही रहा। उसकी साइकिल की मधुर घंटी किसी पवित्र ध्वनि से कमतर न थी। वह परिवार का सदस्य ही माना गया जिसकी राह सभी ताका करते। उसने हमारे जीवन की खुशियों और त्रासदियों को देखा। अच्छा रिजल्ट आने पर मिठाई खाने को कहा और हर आँसू के बोझ को मौन हो सहता रहा। आजकल वह घंटी भी खामोश है। यांत्रिक तेजी से रोज अलग चेहरों के साथ कूरियर डिलीवरी आती है पर वो गर्मजोशी, वो अपनापन और मुस्कान गायब है। ये वाहक, सामान तो अवश्य पहुँचाते हैं पर फिर भी इनकी उपस्थिति उस गहराई से दर्ज़ नहीं हो पाती।

अब पलक झपकते ही संदेश तो पहुँच जाते हैं पर भावनाएं सुप्त रहती हैं। न प्रतीक्षा की गहराई का अहसास है और न भाषा के विस्तार की आवश्यकता। नई पीढ़ी की बातचीत किसी ख़ुफ़िया एजेंसी के संदेश जैसी है जहाँ 'ओके' भी 'के' रह गया है। पहले शब्द लापरवाही से नहीं उछाले जाते थे, एक अंतरंगता हुआ करती थी।

यह तर्क दिया जायेगा कि डिजिटल संचार त्वरित और कुशल है। हाँ, सो तो है पर इसने हमसे आत्मीयता छीन ली है। हम इतने अधिक जुड़े हैं कि  भावनात्मक दूरियाँ बढ़ती जा रहीं हैं। निरंतर सम्पर्क के इस युग में अकेलापन सबसे बड़ी समस्या है। अवसाद एक व्यापक बीमारी की तरह फैला हुआ है।

तक़नीक ने हमसे वो धैर्य भाव छीन लिया जो प्रतीक्षा से आता है। पत्र लिखने की कोमलता और उससे जुडी संवेदना, पत्र को पाने की प्रसन्नता अब कहाँ है? पत्र,  समय का भार ढोता था। हमें दूरी का सम्मान करना और उत्तर की प्रत्याशा का आनंद लेना सिखाता था। कितना विचित्र है कि मोबाइल पढ़े गए मैसेज को अनसीन करने का विकल्प देता है। संवेदनशीलता में यह गिरावट चिंताजनक है।

इस लाल पत्र पेटी का जाना एक और विरासत के क्षरण का संकेत दे रहा है जहाँ पत्र इतिहास की तरह संजोये जाते 
थे।  एक लकड़ी के गट्टे में लोहे का मोटा तार लगा होता जिसमें पढ़ लिए जाने के बाद पत्र फंसाए जाते थे।  यहाँ यह भी याद रखना आवश्यक है कि कुछ खास पत्र गद्दे के नीचे अलमारी में कहीं छुपा भी लिए जाते थे और निकालकर बार-बार पढ़े जाते। ये जीवंतता ई मेल के फोल्डर से नहीं आती साहिब। तात्कालिकता के उत्साह ने सब कुछ सतही बना दिया है जहाँ चिंतन से कहीं अधिक प्रतिक्रिया पर जोर है और वह भी सबसे पहले देनी है। यह तथ्य तक़नीक का विरोध नहीं क्योंकि समाज तो आगे बढ़ता ही है। लेकिन इस प्रगति में हमें उन मूल्यों को नहीं खोना चाहिए जिन्होंने गहन मानवीय संबंधों की नींव रखी थी। हम समुदाय से व्यक्तिवादी होते जा रहे हैं। हमारे सामाजिक ताने-बाने से सहजता, सौम्यता भी खिसकती जा रही है। आइए कोशिश करें कि संचार क्रांति के इस युग में लैटर बॉक्स या अन्य वस्तुएँ भले ही यादों की संदूकची बनती रहें पर उनसे जुड़े अहसास और आत्मीयता मिटने न पाए। 

- प्रीति अज्ञात

*24 अगस्त 2025 को स्वदेश में प्रकाशित 

रविवार, 17 अगस्त 2025

‘शोले’ @ 50: एक चिरस्थायी सिनेमाई महाकाव्य की अद्भुत गाथा




कुछ फ़िल्में ऐसी होती हैं जिन्हें आप देखते हैं
 और कुछ फ़िल्में ऐसी होती हैं जिन्हें आप विरासत में पाते हैं। ‘‘शोले’’  दूसरी श्रेणी में आती है—पीढ़ियों से चली आ रही एक ऐसी विरासत जिसकी लपटें आधी सदी बाद भी कम नहीं हुईं।

वह 15 अगस्त 1975 का समय था। भारत आपातकाल के बोझ से जूझ रहा था और कहीं दूर  रामगढ़ के काल्पनिक गाँव में एक तूफ़ान चुपचाप अंगड़ाई ले रहा था। उस दिन ’शोले’ ने सिल्वर स्क्रीन पर धमाकेदार एंट्री की और भारतीय सिनेमा के डीएनए को हमेशा के लिए बदल दिया। तभी तो पचास साल बाद भी इसकी चिंगारी हमारी सामूहिक स्मृति में आज तक सुलगती है।

‘शोले’ ने एक ब्लॉकबस्टर के रूप में न केवल हमारे चेतन और अवचेतन में अपनी जगह बनाई, बल्कि यह फिल्म भारत की सांस्कृतिक, पौराणिक कथाओं का स्थायी अध्याय बन गई।

प्रश्न यह है कि फिल्में तो कई ब्लॉकबस्टर हुईं तो फिर ‘शोले’ को इतनी महान भारतीय फ़िल्म क्या क्यों माना जाता है?  इसका उत्तर आँकड़ों में नहीं (हालाँकि वे चौंका देने वाले हैं) बल्कि कहानी, अभिनय और आत्मा के अद्वितीय संगम में निहित है।

रमेश सिप्पी ने सिर्फ़ एक फ़िल्म का निर्देशन नहीं किया; उन्होंने आग और पानी से एक मिथक गढ़ा। धूप से झुलसती पहाड़ियों से लेकर राधा के आँगन के भयावह सन्नाटे तक,  हर फ्रेम एक अनोखी शाश्वतता के भार से चमक रहा था। यह डाकुओं और पुलिसवालों की कहानी ही नहीं थी यह एक आधुनिक सिनेमाई महाकाव्य था, जिसे गोलियों, बिखर सपनों और नई उम्मीदों से बुना गया था।

रामगढ़ का धूल भरा परिदृश्य लगभग पौराणिक गाथाओं से मेल खाता लगता था जहाँ नैतिकता और क्रूरता दोनों ही घोड़े पर सवार थी, दोस्ती गोलियों की बौछार के मध्य गढ़ी जा रही थी। यहाँ खलनायक भी नायकों की तरह अमर हो जाते थे।

ठाकुर का फौलादी हाथ और उसका कट जाना सिर्फ़ कथानक का मोड़ नहीं था; यह नियति द्वारा शक्तिहीन कर दी गई न्याय व्यवस्था का प्रतीक था। गब्बर सिंह लोककथाओं के किसी क्रूर राक्षस की तरह पर्दे पर दहाड़ता हुआ सिर्फ़ एक खलनायक नहीं, बल्कि भय की परिभाषा बन गया। उसकी हँसी दुष्टतापूर्ण और भयावह थी। उसने सिर्फ़ कालिया को गोली नहीं मारी, बल्कि देश के दुःस्वप्नों में अपनी स्थायी जगह बना ली। ‘नहीं तो गब्बर आ जाएगा’ महज संवाद नहीं, चेतावनी बन गया।

और फिर थे दो छोटे-मोटे भाड़े के सिपाही जय और वीरू  जो अटूट दोस्ती के प्रतीक बन गए। वीरू, तूफ़ानी और बच्चों जैसी शरारतों से भरा, अपनी बसंती के साथ कहानी में हल्की, खुशमिज़ाज रोशनी भरता रहा। इधर मौन और सुलगता हुआ जय जब राधा की मौजूदगी में हारमोनिका बजाता था, तो खामोशी एक किरदार बन जाती थी। जब वह मरा, तो दर्शकों के बीच कुछ ऐसा टूट गया जो पचास साल बाद भी पूरी तरह से भर नहीं पाया है।

बसंती और राधा दो विरोधाभासी सभ्यताओं की तरह खड़ी थीं। एक ध्वनि का तूफ़ान और विद्रोही, दूसरी मौन का मंदिर और पार दुःख से भरी। राधा की आँखें खामोशी में वह सब कह गई जो संवाद कभी नहीं कह सकते थे। पितृसत्ता के बीच तांगा चलाती हुई बसंती जीवन-शक्ति का विस्फोट थी।  मानो वह अपनी नियति खुद तय कर रही हो। उसका तांगा सिर्फ़ एक वाहन नहीं, आज़ादी का रथ था। बंदूकधारी पुरुषों वाली फ़िल्म में, उसकी आवाज़  की धमक सबसे ज़ोरदार थी।

सलीम-जावेद के बिना ’शोले’ की बात अधूरी है। ‘कितने आदमी थे? भारत का सबसे ज़्यादा दोहराया जाने वाला प्रश्न बन गया। ‘’जो डर गया, समझो मर गया’ एक दर्शन बन गया।
‘अब तेरा क्या होगा, कालिया? से लेकर सांभा के एकमात्र संवाद तक हर पंक्ति जैसे राष्ट्रीय स्मृति में दर्ज हो गई। जिन्होंने शोले नहीं देखी, उन्हें धिक्कारा जाने लगा। मानो फिर उनकी सिनेमाई समझ  पर  प्रश्नचिह्न ही लग गया। 

इसके हर किरदार में गंभीरता थी। यहाँ तक कि क्षणभंगुर किरदारों में भी। चाहे वो सूरमा भोपाली का अतिरंजित हास्य हो, जेलर असरानी की व्यंग्यात्मक झलक  और सांभा, जिसे अमर होने के लिए बस एक पंक्ति की ज़रूरत थी। यहाँ कोई भी परछाइयों में रहने को तैयार नहीं था। रामगढ़ का हर कोना, हर चरित्र, अपनी कहानी पूरी ठसक से कहता था।

उस पर आर.डी. बर्मन का संगीत फिल्म की धड़कन बन आज भी गूँजता हैये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगेतो जैसे दोस्ती का राष्ट्रगान बन गया। “होली के दिन” में बसंती की ऊर्जा और राधा के मौन में छुपी धुनें, दोनों ही कालजयी हैं। और उस पर हारमोनिका की धुन के साथ जय का खामोश गीत, हवा में उस विदाई की याद की तरह तैरता रहता है जिसकी टीस से हम कभी उबर नहीं पाए। मौन का ऐसा इस्तेमाल यक़ीनन साहसिक था।  

आपातकाल के दौरान आई इस फिल्म ने बिना नारे लगाए, न्याय और विद्रोह की बात कही। सेंसरशिप के दौर में, यह बिना आवाज़ ऊँची किए भी दहाड़ती रही। जय-वीरू की लड़ाई सिर्फ़ ईनाम के लिए नहीं थी, यह अन्याय और आंतरिक राक्षसों के ख़िलाफ़ थी।

तभी तो पचास साल बाद ’शोले’ केवल एक फ़िल्म नहीं रह गई बल्कि उसकी सीमाओं से भी  कहीं आगे निकल गई है। ‘शोले’ को मापने के लिए कोई मीटर नहीं है। यह एक लोकगीत, एक चलचित्रीय शास्त्र है जो आज भी बोलता है, परिवारों में बाँचा जाता है। हर पीढ़ी इसमें अपना अर्थ ढूंढती है। यह हमारी भाषा, मुहावरों, मीम्स, व्हाट्सएप स्टिकर्स, रंगमंच और पेंटिंग्स तक में समा गई है।

जब जय मरता है, तब हम सिर्फ़ एक नायक नहीं खोते बल्कि यह भ्रम भी खो देते हैं कि सभी महान कहानियों का सुखद, आदर्श अंत होना चाहिए।
हम इसे बार-बार देखते हैं, उद्धृत करते हैं, गुनगुनाते हैं। क्योंकि ’शोले’  भूलने की नहीं, बल्कि याद रखने की गाथा है।

जय की खामोशी में, वीरू की मस्ती में, बसंती के बड़बोलेपन में, गब्बर के अट्टहास में, राधा के विलाप में, ठाकुर के अंतिम प्रहार में, टॉस के सिक्के में एक ऐसी आग मिलती है जो कभी बुझती नहीं। हम कहाँ भूले हैं वो 'जेल में सुरंग' वाला दृश्य, 'हमारा नाम सूरमा भोपाली ऐसे ही नहीं हैकह गौरवान्वित होता भोपाली और बसंती के रिश्ते वाले किस्से में 'आय हाय! बस यही एक कमी रह गई थी तुम्हारे दोस्त में!’ कहती तुनकती हुई मौसी! सांभा, कालिया, अहमद, रहीम चाचा और उनकी वह डूबती आवाज़ - 'इतना सन्नाटा क्यों है भाई?' आज भी अमर है। ‘शोले’ पर कई पुस्तकें लिखी जा सकती हैं। 

आज भी ‘शोले’  की लगाईं आग उसी रफ़्तार से जलती है।

- प्रीति अज्ञात
अहमदाबाद, गुजरात
संपर्क - preetiagyaat@gmail.com

        * 17 अगस्त 2025 के स्वदेश 'सप्तक' में प्रकाशित 

गुरुवार, 24 अगस्त 2023

देश की उम्मीदों का चाँद

 


यूँ तो 'चंद्रयान मिशन' की सफलता और इस मिशन की कल्पना से भी बहुत पहले हमने चाँद को अपना माना हुआ है और यह कोई छोटा-मोटा रिश्ता नहीं बल्कि नेह का वह असाधारण बंधन है जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी गहराता ही रहा। ये चाँद कभी बच्चों का चंदा मामा बना तो कभी इसमें सूत कातती हुई कोई दादी-नानी माँ सरीखी वृद्धा नजर आईं। करवा-चौथ में यह सुहागिनों की प्रतीक्षा का सबब बना तो वहीं ईद पर भी इसके दीदार को दुनिया तरसी। कोई न दिखे और फिर एक अंतराल के बाद मिल जाए तो यकायक मुँह से निकलता, "अरे मियाँ! तुम तो ईद के चाँद हो गए हो!" प्रेमियों ने अपनी महबूबा की सुंदरता के बखान के सारे बहाने इसी की आड़ में पेश किए और हमारी हिन्दी फिल्में इसी चाँद को मोहब्बत का हमराज बना सारे गिले-शिकवे दूर करतीं रहीं। 

वो चाँद जो सपनों का बादशाह बना बैठा था, जो हमारी प्रतीक्षाओं के मजे लिया करता था, वो जिसकी मखमली चाँदनी में बैठ हमने ख्वाबों के अनगिनत महल बनाए और उनमें उसी की दूधिया रोशनी भर कुछ मुस्कानें अपने नाम कर लीं, वो चाँद हमारे विक्रम बाबू और छुटके प्रज्ञान को देख चौंका तो जरूर होगा! उसे कहाँ पता कि जिनकी उम्मीदों की झोली वो सदियों से भरता रहा, आज उसी देश से कोई अपने इस बचपन के साथी के गले लग उसकी तमाम तस्वीरें खींचना चाहता है। वो जानना चाहता है कि "तुम्हारे पास पानी-वानी तो है न! कहो तो हम आ जाएं, तुम्हारा घर संभालने?"

चाँद को नहीं पता कि इस पल के लिए एक देश ने कितना लंबा सफ़र तय किया है। न जाने उस चाँद को, हमारी खुशियों का अंदाज़ होगा भी या नहीं! न जाने उसने हमारी धड़कनों को कितना समझा होगा! लेकिन आज का चाँद कुछ अलग है, आज उसका नूर देखने लायक है, आज का ये खूबसूरत चाँद हमारे इतिहास के पन्नों पर मानव सभ्यता के आखिरी चरण तक उभरता रहेगा। ये चाँद हर भारतीय को दुनिया में थोड़ी और ठसक के साथ चलने का हक़ दे रहा है। इस चाँद को उसके हिस्से का सारा प्यार मिले और उसके बाद थोड़ा और भी कि उसने अपनी जमीं पर भी हमें मोहब्बत ही दी। इस चाँद के आँगन में सितारों की झमाझम बारिश होती रहे। 

सबको उनके हिस्से का चाँद मुबारक़ और बाकियों को उम्मीद की दूधिया रोशनी!

बधाई मेरे देश को और ISRO का तो ये देश ऋणी हो गया है। 

Once again..... Thank You ISRO - Indian Space Research Organisation 

- प्रीति अज्ञात 

#Chandrayaan-3  #ISRO  #Chandrayaan-3Mission  #Chandrayaan_3 #चंद्रयान-3India #blogpost 

 #INDIA #ISRO #प्रीतिअज्ञात #PreetiAgyaat

कहीं हम अपनी स्वतंत्रता को हल्के में तो नहीं ले रहे?


आज हम अपनी आधुनिक साज-सामानों से सुसज्जित जिस दुनिया में आनंद लेते हुए अपनी स्वतंत्रता का उत्सव मनाते हैं, वहाँ यह भी आवश्यक है कि कुछ पल ठहर उस कठिन यात्रा पर विचार किया जाए जो हमारे पूर्वजों ने हमारी स्वतंत्रता को सुरक्षित करने के लिए प्रारंभ की थी। जिस स्वतंत्रता का मार्ग अमर शहीदों के बलिदान, साहस, समर्पण और अटूट संकल्प के साथ प्रशस्त हुआ था, वह एक ऐसी भावुक गाथा है जिसे हमें न केवल अपने इतिहास की किताबों में, बल्कि अपने दिलों और कार्यों में भी संजोना चाहिए।

आज़ादी की लड़ाई कोई सामान्य बात नहीं थी. यह वर्षों के उत्पीड़न, दमन और भीषण अत्याचार का संघर्षपूर्ण प्रतिरोध था। जिसके लिए औपनिवेशिक शासन के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले देशवासियों ने अपने जीवन, परिवार और भविष्य को दांव पर लगाकर अकल्पनीय कठिनाइयों का सामना किया। उन्होंने एक ऐसी भूमि का स्वप्न देखने का साहस किया, जहां नागरिक अपने बोलने की, धर्म की स्वतंत्रता और अपनी नियति निर्धारित करने के अधिकार का आनंद ले सकें। इस स्वतंत्रता को पाने और हमारा भविष्य सुरक्षित करने के उद्देश्य की खातिर  युद्ध के मैदानों में, क्रांतियों में, जेलों में, प्रताड़ना और अमानवीय अत्याचारों से अनगिनत महत्वपूर्ण जीवन नष्ट हो गए। यह स्वतंत्रता, अमर शहीदों का एक ऐसा ऋण है जो हम कभी भी चुका नहीं सकते। लेकिन इसका मान कभी कम न हो और इस आजादी को हल्के में न ले लिया जाए; इस उत्तरदायित्व को निभाना प्रत्येक भारतीय का परम कर्तव्य है।

स्वतंत्रता, अपने मूल में, मुक्ति के लिए संघर्ष का दूसरा नाम है। यह मानव इतिहास के ताने-बाने में गहराई से रची-बसी वह अवधारणा है, जो बाहरी नियंत्रण या प्रभुत्व से मुक्त होने की एक मौलिक स्थिति का प्रतीक है। इतिहास में, समुदाय और राष्ट्र अपनी स्वायत्तता सुरक्षित करने के लिए दमनकारी ताकतों के विरुद्ध सदैव ही उठ खड़े हुए हैं। समय-समय पर इस संघर्ष को क्रांतियों, स्वतंत्रता संग्राम और विभिन्न आंदोलनों द्वारा चिह्नित किया जाता रहा है।

यद्यपि स्वतंत्रता, किसी भी राष्ट्र के लिए एक शक्तिशाली उपलब्धि है परंतु यह संघर्षों का समापन बिंदु नहीं बल्कि एक सतत यात्रा है। इसे सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी उतनी सरल नहीं! स्वतंत्रता की इस सुरक्षा में समावेशी समाजों का पोषण, नागरिकों का सम्मान एवं रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं वैश्विक शांति को बढ़ावा देने के विविध प्रयास निहित हैं। आने वाली पीढ़ियाँ एक स्वस्थ, स्वच्छ वातावरण में निवास करें इसके लिए पर्यावरणीय स्थिरता का पुष्ट रूप से समर्थन भी यहाँ महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

स्वतंत्रता, व्यक्तियों को अपने अंतर्निहित अधिकारों और स्वतंत्रता का प्रयोग करने के लिए भी सशक्त बनाती है। यह नागरिकों को दमन के डर के बिना अपनी राय व्यक्त करने, अपनी पहचान व्यक्त करने और अपने जीवन को आकार देने का अधिकार देती है। यह अधिकार ही ऐसे लोकतांत्रिक समाज का आधार बनता है, जहां नागरिक सक्रिय रूप से शासन में भाग लेते हैं और सामूहिक रूप से अपने राष्ट्र की दिशा और दशा निर्धारित करते हैं।

कह सकते हैं कि स्वतंत्रता के मूल्यों को मात्र इतिहास से ही नहीं मापा जाता है और न ही अतीत की उपलब्धियों का उत्सव मनाने से, बल्कि इस बात से भी मापा जाता है कि कैसे समाज और व्यक्ति स्वतंत्रता को रेखांकित करने वाले मूल्यों को बनाए रखने में अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हैं।

वर्तमान समय में हम तेजी से आगे तो बढ़ रहे हैं पर  यह देखना निराशाजनक है कि बलिदानों के प्रति हमारा सम्मान कितना कम हो गया है। जिन सिद्धांतों पर हमारे देश का निर्माण हुआ था, वे अधिकार, शालीनता और विभाजनकारी व्यवहार की संस्कृति के बीच लुप्त होते जा रहे हैं। हमारे पूर्वजों ने जिन मूल्यों के लिए संघर्ष किया, उनके प्रति अनादर की घटनाएं अब बहुत प्रचलित हैं, जो कि उनके बलिदानों की विरासत को धूमिल कर रही हैं।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, जिसके लिए बहुत बहादुरी से संघर्ष किया गया था, अब कभी-कभी घृणास्पद भाषण और गलत सूचना के लिए ढाल के रूप में उसका दुरुपयोग किया जाता है। जिस अधिकार का उद्देश्य लोकतांत्रिक चर्चा को बढ़ावा देना था, उसे रचनात्मक बातचीत और सामूहिक विकास के लिए एक उपकरण के रूप में उपयोग करने के स्थान पर व्यक्तिगत एजेंडे के लिए भुनाया जा रहा है।

हमारे पूर्वज समस्त मतभेदों को पार कर, एक समान उद्देश्य के लिए एकजुट हो खड़े थे। लेकिन वर्तमान में हम प्रायः विभाजनकारी आख्यानों को एकजुटता की भावना पर हावी होते हुए देखते हैं। नागरिकों के बीच बढ़ता वैमनस्य, द्वेषभाव उस एकता से कोसों दूर है जिसने स्वतंत्रता के संघर्ष को वर्षों पहले परिभाषित किया था।

हम एक न्यायसंगत समाज के स्वप्न तो देखते हैं पर इस सच को भी झुठलाया नहीं जा सकता कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी आर्थिक और सामाजिक असमानताएँ बनी हुई हैं। अतीत के संघर्ष समानता और सम्मान की खोज से प्रेरित थे, फिर भी हमारा समकालीन समाज उन मुद्दों से जूझ रहा है जिन्हें इतिहास के पाठों के माध्यम से अब तक हल हो जाना चाहिए था।

अब समय आ गया है कि हम आत्ममंथन करें। हम उन आदर्शों को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं, जिनके लिए देश के अनगिनत वीरों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उस असीम पीड़ा, बलिदान और साहस का स्मरण करें जिसने हमें आजादी दिलाई। हम अपनी सोच, विचारधारा और मानसिकता को दलगत राजनीति से परे रख, केवल अपने देश की सोचें। हमारे तिरंगे के तीनों रंगों को बराबर मान दें और इनमें विभाजन करने वालों को सरेआम चिह्नित करें। जैसे हम अपने विशेषाधिकारों का आनंद लेते हैं, वैसे ही उस स्वतंत्रता का भी संरक्षण करें जिसमें परस्पर सम्मान,  सहानुभूति और समझ की संस्कृति साथ बहती है।

हमें एक पल को भी यह नहीं भूलना चाहिए कि स्वतंत्रता को रेखांकित करने वाले महापुरुषों, उनके मूल्यों और सिद्धांतों का अनादर करना  उन लोगों के संघर्षों और बलिदानों के साथ विश्वासघात है जिनके कारण हम आज खुली हवा में साँस ले पा रहे हैं। हमारी यह स्वतंत्रता हमें सोने की थाली में सजाकर नहीं दी गई थी; यह देश के प्रति समर्पण में डूबे अनगिनत सेनानियों, क्रांतिकारियों, वीर-पुरुषों के साहस, संघर्ष, अश्रु, रक्त और बलिदान से अर्जित की गई विरासत है। उनके संघर्ष को नमन करते हुए और उनके द्वारा संजोए गए आदर्शों को अपनाकर, हम इस तथ्य को तो सुनिश्चित कर ही सकते हैं कि उनकी इस पावन धरा पर हम किसी भी भेदभाव, अराजकता और नागरिकों के बीच खाई खोदते व्यवहार को सहन नहीं करेंगे और  स्वतंत्रता को पाने के लिए उन्होंने जो पीड़ा सही, वह अंततः निरर्थक नहीं जाएगी।

जय हिन्द!

'हस्ताक्षर' अगस्त अंक, संपादकीय -

https://hastaksher.com/are-we-taking-our-freedom-for-granted-editorial-by-preeti-agyaat/

#स्वतंत्रतादिवस #Independence #हिन्दी #संपादकीय #हिंदी #हस्ताक्षर #प्रीतिअज्ञात #PreetiAgyaat  #blogpost 

@HastaaksharWeb

सोमवार, 7 अगस्त 2023

कुकर में उबलती लड़कियाँ (स्त्री की विनाश यात्रा)


हम उस समाज का हिस्सा हैं जहाँ सती प्रथा का एक लंबा इतिहास रहा है। सर्वविदित है कि यह कोई धार्मिक प्रथा नहीं बल्कि एक कुरीति थी जिसमें पति की मृत्यु के बाद पत्नी को भी उसी चिता पर बैठा दिया जाता था। कहते हैं कि प्रेम/ परंपरा के चलते वह आत्मदाह को बैठ जाती थीं। प्रश्न उठता है कि कोई माँ अपने बच्चों को अनाथ करना स्वयं कैसे चुन सकती थी? परिवार ने कैसे इसका समर्थन किया होगा?

सती प्रथा के ‘पक्ष’ में सर्वमान्य कारण यह माना गया कि किसी अन्य पुरुष की कुदृष्टि से रक्षा हेतु यही एकमात्र उपाय था। यह राजा-महाराजाओं के काल में आक्रमणकारियों से स्वयं को बचाने हेतु 'जौहर' से प्रेरित उपक्रम ही था। इसी दबे-छुपे रूप में यह मान्यता भी रही कि पति की मृत्यु के बाद उस स्त्री से जमीन जायदाद हथियाने के लिए भी इसका सहारा लिया जाता था। कह सकते हैं कि सैकड़ों वर्ष पहले भी अकेली स्त्री का कोई पालनहार न था और उसे नोच खाने वाले गिद्ध बहुतेरे थे। ऐसे में उसके सती हो जाने पर किसी को क्या ही दुख रहता होगा, यह अनुमान लगा पाना कठिन नहीं।

तात्पर्य यह कि स्त्री सदा से एक वस्तु तुल्य ही रही जिसे समाज की उपस्थिति के मध्य, बेझिझक आग में झोंका जा सकता था। यद्यपि सैकड़ों वर्ष पूर्व इस कुरीति पर प्रतिबंध लग चुका है परंतु फिर एक नई कुरीति नियम सूची के साथ आई, जिसमें स्त्री को जीवित रखे जाने पर सहमति बनी। अब इस विधवा स्त्री के लिए जीवन की कुछ शर्तें तय हो गईं कि वह बिना किसी शृंगार के, श्वेत वस्त्र धारण किये घर के किसी कोने में चुपचाप रह लेगी। शुभ कार्यों से उसे दूर रखा जाने लगा। सुबह-सुबह किसी के सामने पड़ गई तो तरेरी आँखों का प्रकोप भी उसकी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन गया। 'जीते जी मार डालना' वाली लोकोक्ति संभवतः यहीं से उपजी होगी! यह ‘अद्भुत’ व्यवस्था, भरे समाज के बीचों बीच किसी स्त्री के सती होने से उपजी शर्मिंदगी से बचने का उपाय तो था ही, साथ ही उस स्त्री की जीवन रक्षा का महान काम भी लगे हाथों संपन्न हो रहा था। अतः सारे नियम पूरे हर्षोल्लास के साथ स्वीकार कर लिए गए। दुखद है कि सैकड़ों वर्ष बीत जाने के बाद भी यह परम्परा अब तक हमारे समाज में विद्यमान है। परिवर्तन आया है लेकिन वह भी बाहरी तौर पर ही है। क्योंकि यही लोग, समाज के बीच अपनी शान बघारने से नहीं चूकते कि "हम तो उसे रंगीन कपड़े पहनने देते हैं!", "वह जमीन पर नहीं बल्कि अपने कमरे में ही सोती है।", "हमने उसे कभी अलग नहीं समझा!" ये सभी वक्तव्य ही यह सिद्ध कर देते हैं कि आपकी सोच कितनी सतही, उथली और मात्र प्रदर्शन हेतु है।

स्त्रियों के साथ मारपीट और हिंसा का विरोध भले ही हर काल में हुआ हो, पर दिनोंदिन इसका रूप वीभत्स ही होता जा रहा है। लोगों की सोच में सुधार के स्थान पर और विकृत रूप नजर आने लगा है। सती प्रथा पर रोक लगी तो विकल्प स्वरूप उन्हें जलाने को स्टोव आ गया। कारण यह कि उसके पिता ने इच्छानुसार दहेज नहीं दिया था। बाद में ये सिलिंडर फटने या बालकनी से 'अचानक' गिरकर मरने लगीं। कुल मिलाकर हर हाल में उनका मरना तय रहा। इन्हें जब जी चाहे, छोड़ा जाना भी सरल था।  इनकी लाशें कभी गहरे कुंए में मिलीं तो कभी किसी पेड़ से निर्वस्त्र लटकती पाई गईं। कभी किसी को नीचा दिखाने या बदला लेने के नाम पर इनकी इज्जत लूट ली गई और फिर अपने परिवार की इज्जत को सुरक्षित बनाए रखने के लिए स्त्रियाँ या तो चुप रहीं या आत्महत्या को विवश कर दी गईं। कभी कुछ जीवित स्त्रियों ने अपना दुख समाज के सामने रखना भी चाहा तो उल्टा उनका ही चरित्र हनन हुआ और उन पर अनर्गल आरोप मढ़ दिए गए। साथ ही उपहास उड़ाते हुए यह भी कहा गया कि “तब क्यों नहीं बोली?” ऐसे कई किस्से हम सबके सामने से रोज गुजरते हैं और हम उन पर मौन साध अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं। जबकि समाज और इज़्ज़त के इस फॉर्मूले ने स्त्रियों के भीतर दर्द की एक गहरी घाटी बना दी है, जिसमें उन्हें अकेले रोज ही डूबना और पार आना होता है। ‘देवी’ कहकर उनके आँसू, उनके दुख, उनकी भावनाएं, उनके कष्ट दबा दिए गए।

किसी आवारा लड़के का प्रेम निवेदन नहीं स्वीकार किया तो तेजाब से झुलसा दी गईं, कोई रईसज़ादा हुआ तो खुलेआम बीच बाज़ार में गोली मार चला गया। कभी उनके साथ सामूहिक बलात्कार कर उन्हें नाले में फेंक दिया गया तो किसी ने अपनी क्रोधाग्नि में उन्हें तंदूर में भून दिया। उसके बाद उनके बत्तीस टुकड़े मिलने का 'रसप्रद' किस्सा मीडिया में खूब सुर्खियाँ बटोरता रहा, जिससे प्रेरित होकर स्त्री देह के इतने टुकड़े किए जाने लगे जैसे कोई रिकॉर्ड बनाने की होड लगी हो। वह फ्रिज़ जो खाने-पीने के सामान रखने के काम आता है अब उसमें स्त्री अंगों को रखा जाने लगा। हाल की घटना में स्त्री को कुकर में उबाल, मिक्सी में पीस लिया गया लेकिन यह घटना भी मीडिया ने आसानी से पचा ली और नेताओं को तो चुप्पी साधनी ही थी, सो साध ली। उनके लिए तो जहाँ हिन्दू-मुस्लिम कोण निकले, वही घटना छाती पीटने लायक़ और वोट बटोरने में सहायक होती है। इनकी कुत्सित मानसिकता के अनुसार, स्त्रियाँ तो बनी ही मरने को हैं। निर्जीव वस्तु की तरह उनका उपयोग कीजिए और फेंक दीजिए।

पत्नी की मृत्यु होते ही फटाफट दूसरी शादी करने के किस्से तो बहुत सुने होंगे पर क्या कभी सुना कि कोई पति चिता पर बैठ गया!

विधुर का सामने आना अशुभ हुआ कभी? कोई नियम बने उसके लिए?

स्टोव फटने से बहूएं ही क्यों मरती रहीं?

कभी प्रेम में हारी लड़की ने प्रेमी पर तेजाब फेंका है क्या?

घर की नाक, पुरुष क्यों नहीं बन सके? उनकी पवित्रता का परीक्षण किसी युग में किया गया है?

कुकर, तंदूर, फ्रिज़, मिक्सी खाना पकाने के उपकरण हैं, स्त्रियों को उबालने, पीसने के नहीं,  लेकिन जब इतनी क्रूरतम घटनाओं पर भी समाज सहज है तो अब स्त्रियों को ही स्वयं अपनी सुरक्षा और आत्मसम्मान का ख्याल रखना होगा। इस विनाश यात्रा में उन्हें बचाने कोई, कभी नहीं आएगा! हाँ, मँझधार में छोड़कर जाने वाले हर मोड़ पर मिलते रहेंगे। रोने के लिए कंधा तलाशने से बेहतर है कि अपनी जिम्मेदारी लें, समय रहते हर अपराध के विरुद्ध खड़े होने का साहस रखें और इस यात्रा में गर स्वयं को नितांत अकेला पाएं, तब भी अकेले जीने का हौसला कभी टूटने न दें।

-प्रीति ‘अज्ञात’

'प्रखर गूँज साहित्यनामा' /मासिक स्तंभ: 'प्रीत के बोल' / अंक: जुलाई 2023  

#prakhargoonjsahityanama #प्रीतिअज्ञात #PreetiAgyaat #प्रीतकेबोल  #preetkebol