#ichowk लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
#ichowk लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 1 मार्च 2021

एक चिट्ठी, इस दुनिया की हर आयशा के नाम!

मेरी प्यारी आयशा 

अभी जबकि लगभग एक सप्ताह बाद पूरा देश मिलकर, महिलाओं को उनके दिवस की बधाई देने में जुट जाएगा, इस बीच तुमने साबरमती में कूदकर अपनी जान दे दी है. इतना ही नहीं बल्कि आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी बनाया है जिसका एक-एक शब्द झकझोर कर रख देता है. जीवन के आखिरी पलों के दौरान भी अभिवादन की तुम्हारी तहज़ीब देखकर मैं हैरान हूँ. तुम अंत में थैंक यू कहना भी नहीं भूलतीं. लेकिन सच कहूँ तो तुम्हारी निडर आवाज़ और मुस्कान ने डरा दिया है  मुझे. न जाने वो कौन से पल रहे होंगे कि तुमने मृत्यु को सुख पाने का मार्ग समझ लिया.

मुझे बेहद दुःख और अफ़सोस है कि हम इस दुनिया को तुम्हारे जीने लायक बनाने में विफ़ल रहे.

हम एक ही शहर के हैं पर कभी मिले नहीं. मेरा तुमसे जो नाता है वो साबरमती का है, रिवर फ्रंट का है. ये जगह मुझे हमेशा से सुकून भरी लगती रही है. तुमने भी अपने वीडियो में सुकून की बात कही है. पर कितना फ़र्क है तुम्हारे और मेरे सुकून में! तुम कहती हो "मैं हवाओं की तरह हूँ, बस बहना चाहती हूँ और बहते रहना चाहती हूँ. किसी के लिए नहीं रुकना". और मैं चाहती हूँ कि काश तुम नदी के पानी से अठखेलियाँ करतीं और जीवन धार में बहती जातीं. हर संघर्ष का सामना करतीं. ये जीवन तुम्हारा अपना है, तुम्हें इसे पूरा और बेबाकी के साथ जीना था.

तुम्हारे चेहरे पर सहज मुस्कान है लेकिन आँखों में दर्द का इक सैलाब भरा है. एक ऐसा सैलाब, जिससे हर स्त्री किसी-न-किसी रूप में जरुर रिलेट कर सकेगी. तुम्हारे जो शब्द हैं, वो हमारे मस्तिष्क पर तमाचे की तरह पड़ते हैं. तमाचा, जो बार-बार यही याद दिलाता है कि तुम में और आयशा में कोई फ़र्क नहीं! 

लेकिन ये बताओ कि इतनी मानसिक पीड़ा के बावजूद भी तुमने महान बनने का वह नैसर्गिक गुण क्यों नहीं छोड़ा? जिसे हम स्त्रियों ने सदियों से किसी मंगलसूत्र की तरह दिल से लगाकर रखा है. तुम्हें एक बार को भी नहीं लगा? कि जब तक स्त्रियाँ अन्याय को सहती रहेंगी, उसके विरोध में आवाज़ उठाने की बजाय चुप्पी साध लेंगी और उफ़ तक न करेंगी, तब तक उनकी असमय मृत्यु का ये दौर अनवरत जारी रहेगा! तुम्हें बहुत हिम्मत दिखानी थी, गुड़िया. 

आयशा, तुम्हारी बातें सुन जितनी पीड़ा हुई है, उतना ही क्रोध भी आया है. यूँ भी दिल किया कि तुम्हें डांटकर कहूँ "पागल लड़की! तुम्हें निकल आना था, उस ज़हन्नुम से! डूबते हुए भी तुम एक दहेज़ लोभी इंसान को बचाना चाहती हो? उसे बरी करना चाहती हो? ये कैसी मोहब्बत है तुम्हारी कि जिसने तुम्हारा जीवन बरबाद कर दिया, तुम अपनी जान देकर उसे बचा रही हो?" तुम्हारे पापा-मम्मी ने तुम्हें कितना रोका, क़समें दीं, मिन्नतें कीं. यहाँ तक कि दहेज़ का केस वापिस लेने को भी तैयार हो गए, तब भी तुम हार गईं? तुम्हें नहीं पता कि तुम कितनी भाग्यशाली थीं कि तुम्हारे पेरेंट्स तुम्हारे साथ थे. 

पता है, तुम केवल मोहब्बत हो! और तुम्हें खोने वाले अभागे. तुम अपने पिता से आग्रह करती हो कि "कब तक लड़ेंगे अपनों से? आयशा लड़ाइयों के लिए नहीं बनी. प्यार करते हैं उससे, उसे परेशान थोड़े न करेंगे. अगर उसे आज़ादी चाहिए, ठीक है वो आज़ाद रहे".

काश! तुम्हारी ये बात दुनिया समझ ले तो हर चीज़ सुंदर हो जाए. जो तुम ठहरतीं तो दुनिया आसानी से समझ पाती.

जानती हो, तुमसे कोई गलती नहीं हुई थी और न ही तुम में या तुम्हारी तक़दीर में कोई कमी थी. बस, तुम अपने-आप को नहीं जान पाई. तुम उन अपनों को भी नहीं देख पाई जो तुमसे बेपनाह प्यार करते हैं. तुमने अपना जीवन एक ऐसे इन्सान की ख़ातिर गँवा दिया, जिसे पैसे से प्यार था. लेकिन सारे इन्सान बुरे नहीं होते! 

हाँ, तुम्हारी ये बात सच है कि "मोहब्बत करनी है तो दोतरफा करो एकतरफा में कुछ हासिल नहीं!" इसमें एक बात और जोड़ती हूँ कि मोहब्बत दोबारा भी हो सकती है. ये बात याद रखना अब. 

तुम्हारा आखिरी फोन कॉल दिल दहला देने वाला है, आयशा. तुम्हारे आँसुओं ने बेहद रुलाया है. तुम्हारे माता-पिता का सोचकर भी कलेज़ा कांप उठता है. मैं उस पिता की निरीह अवस्था और हताशा को सोचती हूँ जिसे फ़ोन पर पता चलता है कि अगले ही पल उसकी बेटी नदी में छलांग लगाने वाली है. उस माँ के दर्द को समझने की नाकाम कोशिश करती हूँ जो बार-बार तुमसे रुकने का अनुरोध कर रही है. मासूम लड़की, तुम्हें परिस्थितियों का डटकर सामना करना था. अपने आप को किसी से कम नहीं आंकना था. तुम अपार संभावनाओं से भरा चेहरा थीं.

तुम्हारी विदाई का गुनहगार ये समाज भी है जो तुम्हारे लिए ऐसा वातावरण ही नहीं बना पाया कि तुम स्वयं को अकेला न महसूस कर सको. या फिर इसे तुम्हें अकेले चलना सिखा देना चाहिए था. तुम्हें बता देना चाहिए था कि तुम्हारी मुस्कान, तुम्हारे जीवन की तरह कितनी अनमोल है. 

मैं तुम जैसी तमाम लड़कियों से कहना चाहती हूँ कि आख़िर हम क्यों अपने सपनों और खुशियों को किसी और के जीवन से जोड़ें? हम क्यों न अपने हक़ की लड़ाई खुद लड़ें? किसी से इतनी अपेक्षा क्यों रखें कि उनके पूरा न होने पर हम ही टूट जाएँ. आत्महत्या, तो अवसाद की पराकाष्ठा है. हम इस राह से बाहर निकल, आत्मसम्मान के साथ जीना क्यों न चुनें? सब अच्छे लोग यूँ दुनिया को छोड़ देना चुन लेंगे, तो इसे संवारेगा कौन?

तुम जहाँ भी हो, हर ख़ुशी तुम्हारे साथ हो.

स्नेह तुम्हें 

प्रीति अज्ञात 

https://www.ichowk.in/society/ayesha-suicide-due-to-dowry-in-jalore-sabarmati-riverfront-in-ahmedabad-recorded-video-is-heart-breaking-open-letter-to-ayesha/story/1/19565.html

#आयशा #साबरमतीसुसाइड #दहेज़ #आत्महत्या #अहमदाबाद #riverfront #Ahmedabad #Blogpost #PreetiAgyaat #iChowk



मंगलवार, 29 सितंबर 2020

#के.बी.सी. के बहिष्कार और अमिताभ का विरोध करने वाले ये भी जान लें!

                                                                                                                                           के.बी.सी. के बहिष्कार का कहने वालों की बुद्धि पर अब सचमुच तरस आने लगा है. इन्हें ये तक नहीं मालूम कि उस एक कार्यक्रम के पीछे न जाने कितने लोग जुड़े हैं. इन्हें तो बस अमिताभ बच्चन का विरोध करना है. उनके पैसे कमाने से आपत्ति है लेकिन एक 76 वर्षीय इंसान की मेहनत और लगन नहीं दिखाई देती! जहाँ हट्टे-कट्टे लोग भी दूसरे की जेब में हाथ डाल लाभ लेना होशियारी समझते हैं, किसी के विश्वास का फ़ायदा उठाने में कभी नहीं चूकते, वहाँ यदि कोई दिन-रात एक कर काम में लगा हुआ है और अपने कमाए धन से जी रहा है फिर भी कुछ लोगों के पेट में दर्द है. यह इंसान आवश्यकतानुसार दान भी करता है पर चूँकि उसे ढिंढोरा पीटना पसंद नहीं तो आप उस पर कुछ भी आरोप मढ़ते रहेंगे? क्या आपने कभी किसी की निःस्वार्थ सहायता की है या कि केवल सबको भावनात्मक और आर्थिक रूप से लूटते ही आये हैं? कुछ नहीं समझ आया, तो सामने वाले में कमी निकाल दो क्योंकि वह तो पलटकर कुछ बोलेगा नहीं. बस आप किसी के मौन का फ़ायदा उठा गढ़ते रहिये किस्से. 


जरा अपने भीतर भी झाँक लीजिए 
हद है! जो इंसान चाय तक नहीं पीता, क्या वो ड्रग्स के समर्थन में होगा? अरे, जो ड्रग्स लेता है वह व्यक्ति भी ड्रग्स के पक्ष में एक शब्द नहीं बोल सकता! दुनिया जानती है इसके नुक़सान. जैसे दुनिया अल्कोहल और स्मोकिंग के जानती है. तो अब क्या कीजिएगा उन बीमार लोगों का, जो इसके चलते मौत के कग़ार पर खड़े हैं? बुलवाइए सम्बंधित विभाग से कि ये ज़हर है, न बेचें. अपने आसपास के लोगों को इनका सेवन करने से रोकिए. पर उससे पहले अपनी तमाम बुरी लतें भी छोड़नी होंगी. पता है न? क्या किया आपने?
आप दूसरे से जितनी उम्मीद रखते हैं, पहले उसका एक-प्रतिशत ख़ुद भी करके दिखाइए. प्रश्न पूछना आसान है पर जरा अपने गिरेबां में भी झाँक ही लीजिए. 

जानिए, अमिताभ ने क्या-क्या किया 
दरअसल अमिताभ बच्चन को 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' मिलने के बाद से ही कुछ लोग उनके विरुद्ध मोर्चा खोलकर बैठे हैं. पहले तो ये बता दूँ कि 'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' फ़िल्मों में आजीवन, अतुलनीय योगदान के लिए दिया जाता है. समाज सेवा के लिए नहीं! 50 वर्षों से उनकी फ़िल्मों के बारे में तो पता है न?
वो फ़लाने-ढिकाने के पक्ष में नहीं बोले, ये तो याद है आपको लेकिन उन्होंने क्या-क्या किया,आज ये जानने की ज़हमत भी उठा ही लीजिये-
* विरोधी किसानों का नाम लेकर उन पर आरोप लगा रहे. क्या आप जानते हैं कि उन्होंने हजारों किसानों का ऋण अपनी जेब से चुकाया है?
* आप मेट्रो के समर्थन को लेकर उन पर आरोप लगा रहे थे, जिसका पूरा लाभ उठाते समय आप स्वयं ही पर्यावरण की सारी बातें भुला बैठेंगे. आपने तो यह भी भुला दिया कि जिस फ्लैट में रह रहे हैं वहाँ भी कभी घना जंगल हुआ करता था. पर्यावरण की सुरक्षा हम सभी का कर्त्तव्य है पर पेड़-पौधे क्या अमिताभ उखड़वा रहे हैं? सरकार के सामने आप क्यों नहीं बैठ जाते धरने पर?
*'अवॉइडेबल ब्लाइंडनेस' (टाल सकने योग्य अंधेपन ) को समाप्त करने में मदद करने के लिए 'सी नाउ' अभियान किसने चलाया?
* 'मिशन पानी' कैंपेन का ब्रांड एंबेसडर कौन है?
* चाइल्ड लेबर के विरोध में कौन खड़ा हुआ?
* Educate girls अभियान के साथ कौन सक्रियता से अपने सेवायें दे रहा है?
* DD किसान चैनल के ब्रांड एम्बेसडर कौन हैं?
* 'दरवाज़ा बंद अभियान' का नाम सुना है आपने?
* 'स्वच्छ भारत अभियान' के ब्रांड एम्बेसडर कौन हैं?
* 'पल्स पोलियो अभियान' के बारे में सोचते हैं तो किसका चेहरा उभरता है?
* हेपेटाइटिस-बी उन्मूलन के ब्रांड एम्बेसडर कौन हैं?
* 'सेव टाइगर कैंपेन' से कौन जुड़ा है?
इन सबका एक ही उत्तर है - अमिताभ बच्चन और यक़ीन मानिये ये तो केवल बानगी भर है.

गंभीर व्यक्तित्व और उसकी गरिमा देखिए 
दिक़्क़त ये है कि जनता को वो लोग अधिक पसंद आते हैं जो काम तो एक करते हैं पर उसे  गिनाते चार बार हैं. कुछ लोग तो काम किए बिना ही उसका श्रेय लूट लेने में माहिर हैं. उन्हें पता है कि दिखावा पसंद दुनिया में स्वयं को प्रमोट कैसे किया जाता है. 
* जो अमिताभ के न बोलने पर प्रश्न उठाते हैं वे ये भूल जाते हैं कि अमिताभ तब भी एक शब्द नहीं बोले जब वर्षों तक लगातार मीडिया उनका चरित्र हनन करती रही. 
* उनकी अपनी कम्पनी डूब गई पर उन्होंने उसके दुःख का कभी रोना नहीं रोया क्योंकि उन्हें अपनी मेहनत पर अटूट विश्वास था. वे जानते थे कि जो गिरता है, वो उठना भी सीख ही लेता है. 
* उनके निजी जीवन, बच्चों, परिवार को लेकर आक्षेप लगते रहे पर उन्होंने मौन रहकर सब बर्दाश्त किया. कभी अपनी इंडस्ट्री के किसी साथी से ये अपेक्षा नहीं की कि वो उनके साथ खड़ा हो. न ही कभी उनके मुख से किसी के प्रति शिक़वा-शिक़ायत का कोई लफ़्ज़ ही बाहर आया है. 
यही उनका गरिमामयी व्यक्तित्व है जिसमें एक गंभीरता है, भाषाई मर्यादा है, सभ्यता है, अनुशासन है और अपने काम के प्रति अपार समर्पण. इसके माध्यम से ही उन्होंने सदैव अपने आलोचकों को उत्तर दिया है. आगे भी देते रहेंगे. तब तक उनके विरोधी थोड़ा और होमवर्क कर लें!
- प्रीति 'अज्ञात' 
इसे यहाँ भी पढ़ा जा सकता है- 

'कौन बनेगा करोड़पति' में कितने रंग शामिल और कितने उड़े हुए!


वापस आना पड़ता है, फिर वापस आना पड़ता है.
जब वक़्त की चोटें हर सपने हर लेती हैं 
जब राह की कीलें पग छलनी कर देती हैं 
ऐसे में भी गगनभेद हुंकार लगाना पड़ता है,
भाग्य को भी अपनी मुट्ठी अध‍िकार से लाना पड़ता है,
वापस आना पड़ता है, फिर वापस आना पड़ता है.

कहाँ बंधी जंजीरों में हम जैसे लोगों की हस्ती, 
ध्वंस हुआ, विध्वंस हुआ, भँवरों में कहाँ फँसी कश्ती,
विपदा में मन के बल का हथियार चलाना पड़ता है,
अपने हिस्से का सूरज भी खुद ख‍ींचके लाना पड़ता है, 
वापस आना पड़ता है, फिर वापस आना पड़ता है.

प‍त्थर की बंद‍िश से भी क्या बहती नद‍ियाँ रुकती हैं?
हालातों की धमकी से क्या अपनी नजरें झुकती हैं?
क़िस्मत से हर पन्ने पर क़िस्मत लिखवाना पड़ता है,
जिसमें मशाल-सा जज़्बा हो वो दीप जलाना पड़ता है,
वापस आना पड़ता है, फिर वापस आना पड़ता है'. 

के.बी.सी. में अमिताभ जब इन शब्दों का पाठ करते हैं तो थकेहारे हुए लोगों के खून में एक रवानी आ जाती है. संघर्षों से जूझने के हौसले बुलंद होने लगते हैं. यह कोरोना काल में यूँ ही बाँटा गया ज्ञान नहीं है बल्कि इसमें उम्र के सात दशक पार खड़े उस महानायक की अपनी जिजीविषा भी है. इसमें कोरोना संक्रमण से जूझते और उस विषाणु को परास्त कर फिर काम पर लौटते कलाकार का व्यक्तिगत अनुभव भी शामिल है. व्यक्ति जो कभी थका नहीं, हारा नहीं और जीवन की प्रत्येक मुश्क़िल के सामने डटकर खड़ा रहा, अड़ा रहा. कहता रहा "तुम कब तक मुझको रोकोगे?" ज़नाब, ये भारतीय फिल्म उद्योग को पचास वर्ष देने वाले शख़्स अमिताभ बच्चन का जादू है, जो यूँ ही सिर चढ़कर नहीं बोलता! 
प्रश्नों की गुगली कोई भी फेंक सकता है. प्रतियोगी का उत्साहवर्धन भी हर होस्ट करता ही है. चलो ज्ञानवर्धन भी ठीक और साथ-साथ खेलने का अपना आनंद भी समझ आता है लेकिन 'कौन बनेगा करोड़पति' की सफ़लता का राज़ केवल और केवल अमिताभ ही हैं. 

कोरोना महामारी के चलते, शो के फ़ॉर्मेट में इस बार कुछ परिवर्तन हुए हैं. घड़ियाल जी का नाम इस बार पुनः परिवर्तित होकर चलघड़ी हो गया है. साथ ही इस बारहवें सीज़न में अब 'फ़ास्टेस्ट फ़िंगर फ़र्स्ट' में दस के स्थान पर आठ ही लोग रह गए हैं यद्यपि इससे कुछ विशेष अंतर् नहीं पड़ने वाला! 
हाँ, पाँच ऐसी बातें अवश्य हैं जिसे दर्शक और प्रतियोगी दोनों ही मिस करेंगे- 

दर्शकों के साथ की जाने वाली मस्ती कहाँ से आएगी?
वर्ष 2000 से प्रारंभ हुए के.बी.सी. का अब तक जो सबसे प्रबल पक्ष रहा है वो है, अमिताभ का वहाँ बैठी ऑडियंस से कनेक्ट होना, उनके साथ हँसी-ठिठोली करना. दर्शकों को भी इस सबका ख़ूब इंतज़ार रहता है. प्रश्नोत्तर के साथ-साथ बीच में होने वाली मस्ती, हास-परिहास के पलों की कमी, पहले ही एपिसोड में बहुत अखरी. यूँ अमिताभ इसका भी कोई तोड़ निकाल ही लेंगे, यह तय ही समझिये. 

महिला प्रतियोगियों के लिए अब कोई कुर्सी नहीं सरकाएगा! 
सोशल डिस्टेंसिंग के कारण प्रतियोगियों को अमिताभ से दूरी बनानी खलेगी, वरना हर बार तो लोग के.बी.सी. भूल, पहले दौड़कर उनसे गले मिलते थे. कुछ तो छोड़ते ही नहीं थे. फिर अमिताभ उनका हाथ थाम उन्हें सीट तक पहुँचाते थे. उनके प्रशंसकों की दीवानगी से भरा यह दृश्य अब हर बार मिसिंग होगा. महिला प्रतियोगियों के लिए अमिताभ पूरा सम्मान दर्शाते हुए उनकी कुर्सी थाम उन्हें बिठाने में मदद करते थे. इतना ही नहीं भावुक पलों में वे ख़ुद अपनी सीट से उठ उन्हें, कभी नैपकिन तो कभी पानी ऑफ़र करते थे. 

प्रतियोगियों का हौसला बढ़ाने को अब पहले सी तालियाँ न बजेंगी! 
पहले सही ज़वाब के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतियोगियों को बहुत प्रोत्साहन मिलता था. कुछ लोग अपने यार-दोस्तों, परिवार के सदस्यों को लाते थे. एक निश्चित धनराशि जीतने के बाद कभी-कभी अमिताभ उस प्रतियोगी को पलटकर मुस्कुराने का कह देते थे, जिसके बाद वह फिर पूरे उल्लास के साथ आगे बढ़ता था. लाइव ऑडियंस की अनुपस्थिति के कारण ये सब, अब न हो सकेगा. कुल मिलाकर जोश भरने की सारी ज़िम्मेदारी अमिताभ पर ही आ गई है. 

अधिक धनराशि जीतने में मददगार ऑडियंस पोल का साथ भी छूटा!
ऑडियंस पोल, सबसे सटीक लाइफलाइन हुआ करती थी जो कि अब सम्भव नहीं! ऑडियंस अधिकांशतः सही होती थी और इस जीवनदान से कई प्रतिभागियों की डूबती नैया को सहारा मिल जाता था. तीन लाख बीस हज़ार तक की डगर आसान हो जाती थी. इसके हटने से उनकी मुश्किल बढ़ेगी और सप्तकोटि द्वार तक पहुँचने में बार-बार पसीना छलकेगा. 

वीडियो कॉल का लाभ शायद ही मिले! 
फ़ोन अ फ्रेंड के स्थान पर अब वीडियो कॉल का विकल्प जरूर है पर इसका भी वही हश्र होगा जो वॉइस कॉल का होता आया है. जी, यह बहुत कम ही काम आता है और प्रायः मित्र सोचने में ही समय समाप्त कर देता है. अमिताभ से बात होने की ख़ुशी में सहायक भूल ही जाता है कि उसे प्रतिभागी की मदद के लिए कॉल लगाया गया था.  वीडियो कॉल में तो फिर आलम ही अलग होगा.  

ख़ैर! इस बात में कोई संदेह नहीं कि के.बी.सी. में जो भी होगा, देखने लायक़ होगा. फ़िलहाल तो हमें इस बात का धन्यवाद अदा करना चाहिए कि गला फाड़ते एंकरों और सारी दुनिया को भूल एक ही ख़बर को इलास्टिक की तरह खींचती मीडिया से निज़ात पाने का कोई मौक़ा तो मिला. इस शो के बहाने न केवल हमारे सामान्य ज्ञान में ही बढ़ोतरी होगी बल्कि तथाकथित 'चर्चाओं' की असभ्यता, अशिष्टता से दूर हो हमारी भाषा की असल सभ्यता, उसके लालित्य को जानने-समझने का भी यही उचित समय है. भीषण चीख़-पुकार के दौर में यह शो एक आवश्यक मरहम बन सुक़ून देने आया है. 
- प्रीति 'अज्ञात'
आप इसे इंडिया टुडे की ओपिनियन वेबसाइट #iChowk पर भी पढ़ सकते हैं-
#कौन_बनेगा_करोड़पति #अमिताभ बच्चन #KBC #SONY #AmitabhBachchan #BigB #coronavirus #Covid19 #PreetiAgyaat #iChowk

रविवार, 12 जुलाई 2020

मेरे लिए तो A फॉर अमिताभ ही है

उन दिनों जब एक नए नवेले नायक को 'एंग्री यंग मैन' कहा जा रहा था लगभग तभी ही मेरा इस दुनिया में पदार्पण हुआ. इसलिए कह सकती हूँ कि जब से होश सँभाला है स्वयं को अमिताभ के युग में ही पाया. मैं और मुझसे कई उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं जो अमिताभ के नायक से महानायक बनने की पूरी यात्रा में साथ-साथ चले हैं. उनके गीतों को गुनगुनाया है. उनके संवादों संग अठखेलियाँ कर अपनी मोहब्बत में हजारों रंग भरे हैं. 
उन दिनों शहर के चौराहों और कई प्रमुख स्थानों पर फिल्मों के पोस्टर लगा करते थे. रिक्शे पर लाउडस्पीकर लगाकर भी नई फ़िल्मों के लगने ('रिलीज़' शब्द तब अंचलों तक पहुँचा ही नहीं था) की सूचना दी जाती थी. स्कूल जाते समय इन पोस्टरों को देखने रुक जाती और नाम पढ़ती कि किस टॉकीज़ में कौन सी फ़िल्म लगी है. अमिताभ के पोस्टर पर आँखें जैसे ठहरी ही रहतीं.

चम्बल का इलाक़ा था और छोटा शहर. प्रायः नई फ़िल्में यहाँ उसी दिन देखने को नहीं मिलती थीं. कुल तीन सिनेमा हॉल थे, बाद में एक और बन गया था. दो ही तरह की फ़िल्में यहाँ ख़ूब चलतीं. या तो डकैतों पर बनी हों या अमिताभ की हों. कुल मिलाकर मेरे शहर भिंड का एक्शन से भरपूर सम्बन्ध था तो ऐसे में सबको मुँहतोड़ जवाब देने वाला 'विजय' हमेशा ही भाता रहा. अन्य किसी भी तरह की फ़िल्म कब आती और कब उतर जाती, पता भी नहीं चलता था. ये अपने भिया अमिताभ का ही जादू ऐसा था कि हमेशा सबके सिर चढ़कर बोलता. उनकी फ़िल्में हफ़्तों चलतीं, कभी-कभी महीनों भी. टिकट-खिड़की पर धक्का-मुक्की, मारामारी यहाँ तक कि ब्लैक में भी टिकटें बिका करतीं. अब चूँकि ये अमिताभ बच्चन हैं तो लोग खड़े होकर भी इनकी फ़िल्में देखने को तैयार रहते क्योंकि जहाँ ये खड़े होते हैं, लाइन तो वहीं से शुरू होती है. आपको बता दूँ, उन दिनों शो हॉउस फुल होने के बाद अतिरिक्त कुर्सियाँ और बेंच लगा दी जाती थी. जब ये बेंचें भी भर जाया करती थीं, तब लोग खड़े होकर भी अपने नायक की एक झलक पाने को तत्पर रहते थे. इधर अपने अमिताभ की एंट्री हुई, उधर तालियों और सीटियों से हॉल गूँजने लगता और ख़लनायक (Villain) की पिटाई के दौरान तो जो सिक्के उछाले जाते कि पूछिए मत! ये जज़्बा जो अमित जी के लिए उमड़ता रहा न, वो मैंने कभी किसी के लिए नहीं देखा. अजी, तब तो लोग पागल हो जाते थे. अभी मल्टीप्लैक्स में फ़िल्में देखने का वो मज़ा नहीं है और इस तरह का पागलपन भी जरा कम ही देखने को मिलता है. पागलपन नहीं, दीवानगी ही समझिये इसको. पर भैया, अब जो है सो है. उनके जैसा हेयर स्टाइल, बैलबॉटम, चलने का अंदाज़ सब कुछ कॉपी किया जाता. उनके संवाद बच्चे-बच्चे को याद रहते और नृत्य की अनोखी शैली से तो हम सब परिचित हैं ही.  

अपना ये हीरो ग़र अख़बार भी पढ़े न तो अपन तो आवाज़ सुन ही होश खो बैठें. ये हीरो जब बोलता है तो आवाज़ सीधे दिल की घाटी में उतर जाया करती है, जब हँसता-हँसाता तो मैं भी उसके साथ और बाद में भी घंटों हँसती, वो उदास होता या उसका दिल टूटता तो मुझे बेहद गुस्सा आता. यूँ लगता कि नहीं यार! मेरे लंबू को कुछ नहीं होना चाहिए. उसके ग़म में मैं भी जार-जार रोती. ये वही हीरो है जिसने मुझे अन्याय के ख़िलाफ़ लड़ने और डटे रहने की प्रेरणा दी. जो हर मुसीबत से निकल पाने की सीख देता रहा, जिसने हर ज़ुल्म का प्रतिरोध किया. क्या करें, तब फिल्मों का असर इतना गहरा ही होता था, असल ज़िंदग़ी से जुदा नहीं लगा करती थीं. मनोरंजन का एकमात्र साधन यही था जिसने तमाम युवाओं के मन में सपनों के हजार बीज बो दिए थे. मेरे हृदय में भी 'हीरो' की छवि में एक साँवला, लंबा और गहरी आँखों वाला युवक उभरने लगा था.  मैं उनकी तस्वीरें भी जमा करती थी और उनसे जुड़ी ख़बर पाने के लिए ही अख़बार पलटा करती. आलम ये था कि कोई उनके विरुद्ध एक शब्द भी कह दे तो अपन उससे सीधा भिड़ जाते. अमिताभ के लिए कुछ भी गलत सुनना न तो तब ग़वारा था और न अब है. आगे भी नहीं होगा.

अमिताभ की फ़िल्में ही नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व और जीवन से भी बहुत पाठ लिए जा सकते हैं. उन्होंने ही सिखाया कि संघर्षों से कैसे जीता जा सकता है, मुश्क़िल समय में मन नहीं हारना है और ये वक़्त भी गुज़र जाएगा. उनकी भाषा, बोलने का सलीक़ा और विनम्रता देख लोग सभ्यता का पाठ समझते हैं. उनका मौन भी मुखर होता है. वे हर पीढ़ी के आदर्श रहे. अपने बाबूजी के ये प्रेरणास्पद शब्द वो अक़्सर कहते हैं -
 "तू न थकेगा कभी,
तू न रुकेगा कभी,
तू न मुड़ेगा कभी,
कर शपथ, कर शपथ, कर शपथ,
अग्निपथ अग्निपथ अग्निपथ'
ये शब्द जब अमिताभ की आवाज़ पा जाते हैं तो तन-मन में एक अद्भुत ऊर्जा का संचार कर देते हैं.

हिन्दी सिनेमा का महानायक और दादा साहब फ़ालके पुरस्कार प्राप्त यह अभिनेता अपने आप में एक संस्थान है. एक युग है. अमिताभ, अभिनय की वो पाठशाला हैं जो अपने जीवन के पचास से भी अधिक वर्ष सिनेमा को समर्पित कर इसे समृद्ध करते रहे हैं और टीवी पर भी अपना जलवा ख़ूब बिखेरा है. अब भी बिखेर रहे हैं और हम सब को केबीसी के नए सीज़न का बेताबी से इंतज़ार भी है. अमिताभ सा दूजा न कोई हुआ है, न होगा. पक्का यक़ीन है कि मुसीबतों को मात देने वाला हमारा 'विजय' इस बार भी शीघ्र ही घर लौटेगा.

याद है अमित जी, बाबूजी ने एक अनुवादित कविता में क्या कहा था? पढ़िए तो जरा -
अभी कहाँ आराम बदा
यह मूक निमंत्रण छलना हैं,
अरे अभी तो मीलों तुमको,
मीलों तुमको चलना है.
स्वस्थ होकर घर आइए. हम सबको केबीसी और आपकी आने वाली फ़िल्मों की प्रतीक्षा है. लेकिन उससे भी पहले आपके और अभिषेक के स्वस्थ होने की ख़ुशी में जलसा भी तो करना है न!
देश भर का अपार स्नेह और सारी प्रार्थनाएं आपके नाम.
Get Well Soon, Sir 🌺
https://www.ichowk.in/cinema/amitabh-bachchan-and-abhishek-bachchan-got-infected-with-covid-19-stressed-fans-praying-for-big-b-recovery-get-well-soon-big-b/story/1/17955.html
- प्रीति 'अज्ञात'  
#Amitabh_bachchan #BigB #Angry_Young_Man #AbhishekBachchan #Covid19 #coronavirus #iChowk
Photo Credit: Google

बुधवार, 1 जुलाई 2020

#Tiktok Ban: धधकता प्रतिशोध और चीन की डिजिटल ठुकाई


अंततः टिकटॉक सहित 59 एप्प को बैन करके भारत सरकार ने चीन से प्रतिशोध का क्रांतिकारी बिगुल फूँक ही दिया. यूँ सूची लम्बी है पर चर्चा का केंद्र भारत में सबसे ज्यादा लोकप्रिय टिकटॉक ही बना हुआ है. 

सरकार के इस आवश्यक क़दम से देश भर के उन सभी लोगों में अगाध ख़ुशी की लहर दौड़ गई है जो इस आततायी एप्प से एक लम्बे समय से त्रस्त थे. वहीं एक ही झटके में लाखों लोगों की अंदरूनी कला बेमौत मारी गई. लिप-सिंक, कॉमेडी, नृत्य और कुछ भी ऊलजलूल हरक़तों को दुनिया भर में पहुँचाने वाले इस एप्प का एक अलग ही स्वैग था. वे लोग जिन्हें अपनी अद्भुत अभिनय क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए उचित मंच नहीं मिला था, टिकटॉक महाराज ही उनकी डूबती नैया का खिवैया बन अवतरित हुए थे. वे महानुभाव, जिनकी प्रतिभा उनके अपनों ने भी न समझी, श्री टिकटॉक जी ने उनके जीवन में भरोसे का साथ इंस्टॉल कर दिया था. कई भौंडे एवं अश्लील वीडियो बनाने वालों को अपनी कुंठा बाहर निकालने का सुखद अवसर भी इसी एप्प ने दिया. अचानक ही इसके काल कवलित हो जाने पर लाखों युवाओं का दिल तो टूटा ही, साथ ही इकलौता रोज़गार भी छूट गया. फ़िलहाल उनके आहत मन के लिए हमारी इत्तू सी हार्दिक संवेदनाएँ भले ही उमड़ जाएँ पर जो आला दर्ज़े की ख़ुशी नसीब हुई है वह इन संवेदनाओं पर यक़ीनी तौर से अत्यधिक भारी ही है. 
मने हद कर रखी थी. सोशल मीडिया पर जब देखो, तब मुँह उठाये चले आते थे. देखा जाए तो यह टेक्निकल अतिक्रमण ही था कि बेटा! हमसे बचकर कहाँ जाओगे! हाय! अब कहीं जाकर राहत मिली है. 

एक प्रश्न भी उठ रहा है कि टिकटॉक द्वारा जो 30 करोड़ PMCares Fund में दिए गए थे, उनका क्या होगा? ख़ैर! नैतिक मूल्यों के आधार पर सरकार क्या करेगी, यह तो उसे ही तय करना है. वैसे सामान्य तौर पर जब रिश्ते टूटते हैं तो अँगूठी भी उठाकर सामने वाले के मुँह पर मार दी जाती है. हम लोग तो यूँ भी दुश्मनों को मुँहतोड़ जवाब देने में कट्टर विश्वास रखते हैं. तो उस हिसाब से किसी का ऋण काहे रखा जाए? अब जो न लौटाया तो समझ जाइए कि हम सब के समक्ष, आपदा को अवसर में बदलने का सैद्धांतिक एवं प्रयोगात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया गया है. यूँ भी कूटनीति में भावनाओं का कोई स्थान नहीं होता! सारा जोर 'कूटने' पर दिया जाता है. इस बार हमने चीन की डिजिटल ठुकाई करने की नींव रख दी है. 

आपको याद होगा कि बीते वर्ष मद्रास हाई कोर्ट के आदेश पर कुछ समय के लिए टिकटॉक पर बैन लगा था, लेकिन आदेश हटते ही इस एप्प ने दोबारा एंट्री ले ली थी. फ़िलहाल इसे गूगल प्ले-स्टोर और एप्पल स्टोर से हटा दिया गया है. उम्मीद करते हैं कि इस बार का  हमारा ये 'डिजिटल अटैक' स्थायी रहेगा. 

आज कुछ यूज़र्स बेहद बेचैन हैं. मल्टीप्लेक्स बंद हैं. Covid-19 के भय से बाहर निकलना हो नहीं रहा. टीवी पुराने व्यंजनों को ही लगातार  परोस रहा है. ले देकर मनोरंजन के साधनों में ये टिक टॉक ही इन लाखों लोगों का दिल लगाए हुए था. बताइये, इन मासूमों का अब क्या होगा, हज़ारों लाइक्स, कमेंट जिनके जीवन के सार्थक होने की महत्ता प्रतिपादित करते आये थे. इन्होंने न जाने कितने GB की मेहनत और लगन से अपने निठल्लेपन को एक मुक़ाम तक पहुँचाया था.  

देशभर को बधाई देने के साथ-साथ मेरा इन दुखियारों से बस इतना ही कहना है कि अँधेरी रात के बाद एक जगमग सुबह जरूर होती है. देखना, आज ठीक 4 बजे सरकारी तरकश में से एक सम्पूर्ण स्वदेशी एप्प जरूर निकलेगा. न निकले तब भी कम-से-कम प्रेरणा पाकर ही अब आत्मनिर्भर बनकर तो दिखाना ही होगा हम सबको. राष्ट्रहित के लिए सब कुछ क़ुर्बान, ये एप्प वेप्प फ़ालतू ही होते हैं जी, हटाओ सबको. 
- प्रीति 'अज्ञात' 30 June 2020
#Tiktok #टिकटॉक #ban #China #chinese_app #Tiktok Ban #iChowk


रविवार, 14 जून 2020

#सुशांत_सिंह_राजपूत #क़िरदारों में जान फूँक देने वाला अपनी जान कैसे ले सकता है?


Actor Sushant Singh Rajput Suicide news: जी हाँ, सुशांत सिंह राजपूत नहीं रहे! यह चौंका देने वाली दुखद ख़बर तुरंत ही यक़ीन में नहीं बदल पाती. लगता है जैसे हादसों की एक गहरी खाई है और एक-एक कर सब उसमें डूबते जा रहे हैं. कौन, किसको कब और कैसे बचा पाएगा, ये कोई नहीं जानता.
वो शख़्स जो क़िरदारों में जान फूँक देता था वो अपनी जान कैसे ले सकता है? अब ऐसे में ये क़यास कि कुछ दिनों पहले ही सुशांत की मैनेजर ने भी आत्महत्या की और सुशांत की आत्महत्या की कहानी के तार भी इससे कहीं जुड़े हुए हैं,  मेरा मन ये मानने को अब भी तैयार नहीं! कहते हैं उनकी मैनेजर की मृत्यु के कारणों का भी कुछ पता नहीं चला. जाने वाले तो चले गए, शेष लोगों के हिस्से कहानी के कुछ टुकड़े भर रह जाते हैं जिन्हें जोड़ कारण ज्ञात हो जाए शायद. पर उससे जाने वाला कहाँ लौट सकेगा!  
यूँ कहने को जाना तो हम सबको है, एक न एक दिन. लेकिन यूँ असमय, अचानक किसी का अलविदा कह देना स्तब्ध कर देता है. इस ख़बर को पचा पाना जरा भी आसान नहीं है.

आख़िर सुशांत की मृत्यु पर कैसे विश्वास कर लिया जाए. जबकि हम ये जानते हैं कि वे इस समय बॉलीवुड के सबसे प्रॉमिसिंग कलाकार थे. इनके कैरियर के ग्राफ़ को सबने ऊपर उठते ही देखा है. अपनी सफ़लताओं से जाने कितने युवाओं की आँखों में सुनहरे सपने के बीज बो दिए होंगे सुशांत ने. फ़ौलादी इरादे, आत्मविश्वास और अपार संभावनाओं से भरा चेहरा था उनका. आप वो इंसान भी थे जिसने जीवन के कठिनतम संघर्षों से जूझकर आगे बढ़ना सीखा. अपनी एक पहचान हासिल की. टूटते हौसलों के आगे दम तोड़ते नए कलाकारों के लिए एक जीता-जागता उदाहरण था कि ग़र प्रतिभा हो तो हर हाल में बेहतर मुक़ाम पाया जा सकता है.

इन दिनों कोरोना वायरस के भय और इससे जुड़ी ख़बरों ने यूँ भी भीतर से तोड़ ही रखा है. अवसाद भरे इस काल में मन भविष्य को लेकर तमाम अनिश्चितताओं और आशंकाओं से घिरा हुआ है.बुरी ख़बरों की जैसे बाढ़ सी आ गई है और एक अच्छी ख़बर पाने को दिल तरस रहा है. ऐसे में सुशांत के आत्महत्या करने की न्यूज़ तमाम उम्मीदों पर गहरे तुषारापात सी नज़र आती है. मृत्यु तो वैसे भी नकारात्मकता ही लाती है. बेहद हैरान हूँ और दुखी भी कि अपनी तमाम फ़िल्मों से सकारात्मक संदेश देने वाला, ख़ुशदिल इंसान आख़िर किन परिस्थितियों में जीवन को अलविदा कह देने का निर्णय ले लेता होगा!

कुछ समय पहले सुशांत ने ट्वीट किया था, "पुरुषों में भी भावनाएं होती हैं इसलिए रोने में संकोच न करें. इनको अंदर न रख, बाहर उड़ेल देना सही है. यह कमजोरी नहीं बल्कि ताकत का प्रतीक है. मानव हैं तो महसूस करें. अनुभूति मानवीय होती है."
कितना सही कहा था. इसे पढ़कर लगा था कि ये हम सा ही इंसान है जो हँसता-रोता है और जीवन की ख़ूबसूरती को समझता भी है.
उसके बाद अभी जून में ही सुशांत ने अपनी स्वर्गीय माँ को याद करते हुए एक भावनात्मक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया था. उन्होंने लिखा, "धुंधला अतीत आंसुओं से वाष्पीकृत हो रहा है. कभी न ख़त्म होने वाले सपने मुस्कुराहट और एक क्षणभंगुर जीवन को गढ़ रहे हैं. दोनों के मध्य बातचीत चल रही है, माँ."
यह पोस्ट अवसाद से कहीं अधिक माँ के प्रति उनका असीम स्नेह कह रही थी. न जाने इस सितारे के मन में क्या था जो किसी से बाँट न सका!

मौत से यूँ कोई कैसे हार सकता है. सुशांत तुम भी नहीं कर सकते थे ऐसा. सौ परेशानियों के बीच भी जीवन कहाँ रुकता है. हजारों किलोमीटर पैदल चलते कामगारों का हौसला भी कहाँ टूटा था. भूख से रोज़ लड़ते हुए लोग भी जी ही लेते हैं एक नई सुबह की आस में. वे लोग जो आधे-अधूरे हैं, वे स्त्रियाँ जिनका मन या चेहरा झुलस गया है वे भी जीवन में उजास भरना जानती हैं. जीवन आसान तो किसी का नहीं होता. सब अपने हिस्से की लड़ाई लड़ ही रहे हैं. तुम तो इन सबसे कहीं ऊपर थे फिर यह कमजोर निर्णय क्यों और कैसे? बहुत से प्रश्न हैं जो अब मन को लम्बे समय तक मथते रहेंगे.  
- प्रीति ’अज्ञात’ #iChowk
#suicide #sushant_singh_rajput #bollywood #सुशांत_सिंह_राजपूत #आत्महत्या 

शनिवार, 13 जून 2020

परांठा तो जिल्लेइलाही लाए थे!


आजकल परांठे और GST को लेकर बड़ी चर्चाएं चल रही हैं. अब GST लगे या न लगे, ये तो आप ज्ञानी लोग आपस में तय कर लो. हम तो ये देख रहे कि आपकी दुआ से अपने परांठे मियाँ की चाल में ग़ज़ब की अकड़ और ऐंठन आ गई है. अब भाईसाब,परांठा है तो असाधारण. उसे कमतर आंकना या रोटी के बराबर मान लेना उसकी सरासर तौहीन ही मानी जाएगी. 
माना कि रोटी सबकी जरुरत है और हम उसे हीन कहने/समझने की ग़ुस्ताख़ी ग़लती से भी न कर रहे. न ही ये रोटी-परांठे के बीच सशक्तिकरण या साज़िश वाला मामला है. इन मासूमों के बीच कोई झगड़ा ही नहीं. अरे, दोनों सदियों से प्रेमपूर्वक ही रह रहे हैं. लेकिन अब परांठे को एक मौक़ा मिला है तो उसे 'स्पेशल' फील हो लेने दो न!

परांठे का साम्राज्य विस्तार तो मुग़लकाल से हो गया था -
देखिए, परांठा अंतर्राष्ट्र्रीय हीरो बन चुका है. विश्वभर में इसका निर्यात किया जाता है. जबकि अपनी रोटी एकदम घरेलू और देसी आइटम है. बच गई तो बेचारी चुपचाप डिब्बे में पड़ी रहती. उसका कोई खिवैया नहीं. बलि भी उसकी ही चढ़ाई जाती. याद है न, 'पहली रोटी गाय की' वाली संस्कारी बात? कभी सुना, पहला परांठा गाय को दो? न, वो तो अपन खुद ही हज़म कर जाते. 
अब मुग़लकाल में  बादशाह सलामत ने जब 'परांठे वाली गली' को लाल किले से कुछ ही दूरी पर फ़लने-फूलने दिया तो बात ख़ास ही हुई न. तनिक सोचिए, कितना प्रेम रहा होगा उन्हें अपने परांठे मियाँ से. 
रोटी अफॉर्डेबल कैटेग़री में आती है. रोज़ का किस्सा है इसलिए इसकी डिमांड घर से बाहर नहीं होती. जबकि देश भर में आपको कई डेडिकेटेड परांठा आउटलेट देखने को मिल जाएंगे. 

परांठा लग्ज़री आइटम है -
जी, ग़रीब इंसान के लिए परांठा, पूरी लग्ज़री ही है. इसे वो ख़ास मौक़े पर ही बनाता है. इसमें घी/तेल, समय, इंग्रेडिएंट सब ज्यादा लगते हैं. तवे पर ख़ूब ग़ुलाबी रंगत दे इसका रूप निखरता है. स्टफ्ड हो तो अपने आप में पूर्ण संतुष्टि देता है. रोटी के साथ दाल, सब्ज़ी तो चाहिए ही. अब बताइए, परांठा क्यूँ न इतराए? जब भी किसी को स्पेशल फ़ील करना/कराना हो तो सबसे पहले अपन अद्वितीय आलू के परांठे को याद करते हैं. इसी USP का फ़ायदा इसे मिल रहा है. 

एक परांठा, सौ अफ़साने -
आप दुनिया भर में घूम आइए. रोटी में अधिक बदलाव नहीं आया है. ले देकर वही मिस्सी/तंदूरी रोटी या कभी आटे में कोई प्यूरी मिला दी. शेप भी वही गोलू सिंह. इस पगलैट ने समय के साथ चलना सीख ही न पाया. परांठे के जलवे निराले. ये आपको गोल, तिकोना, चौकोर, पर्त वाला हर आकार में उपलब्ध होगा. 
अब गृहिणी होने के नाते आलू, मैथी, बेसन, मूली, गोभी, पनीर, चीज़, पालक, दाल, जीरा, अजवाइन, प्याज़ इत्यादि पचासों तरह के परांठे तो हम भी बनाते हैं. लेकिन एक दिन कुछ कंपनीज़ के फ्रोज़न(Frozen) परांठों ने हमें भयंकरतम चकित ही कर दिया. कोठू, मलाबारी, गोल्डन डिलाइट ये नाम परांठों के तो क़तई नहीं लगते! बीड़ी-सिगरेट के भले हों. पर नहीं, ये परांठों के ही नाम हैं. रबड़ी परांठा भी देखा. मतलब हद है! ये ठीक वैसा ही समझो जैसे कि चाशनी वाली पानीपूरी! धत्त! ये क्या कह गए हम. अरे, नमकीन को मीठा काहे बनाना? अलग से रबड़ी खा लो न! 

ख़ैर! ये सब दृश्य देख हमें अपनी लिमिटेड कुकिंग होने का आत्मज्ञान प्राप्त हुआ. हम इस ग्लानि समारोह की भीषण अग्नि में झुलस ही रहे थे, पर गुनाहों के सदक़े थोड़ी बेइज़्ज़ती और होना अभी बाक़ी थी. एक लिंक मिली जिसने हमारे इस भरम को ऑन द स्पॉट ध्वस्त कर दिया कि परांठा वेजीटेरियन ही होता है. भिया, बहुत दुःख के साथ सूचित कर रहे हैं कि अब कहीं कोई पूछे, "परांठे खाओगे?" तो पहले ही क्लियर कर लेना कि वेज़ है या नॉन-वेज़! बताओ तो अंडा, चिकन कीमा, मटन कीमा परांठे भी बनते हैं और बाहर भी भेजे जाते. हाय राम! कोरोना के बाद एक यही दुर्लभ पल देखने को ही तो हम जीवित पड़े हैं.
परांठा उद्योग की अच्छी-ख़ासी सूची है. हर कंपनी के अपने विशिष्ट परांठे हैं जो दुनिया भर की सैर कर रहे. भई, सारे सिंगलों! अगले लॉकडाउन से पहले ही अपने फ्रीज़र में इनको झटपट पनाह दे दो.
हे परांठे, तुम्हें इस अलौकिक एवं दिव्य रूप की कोटिशः बधाई. पर पता नहीं क्यों, आज रोटी रानी का सोचकर दिल बहुत भारी हो रहा. 😔😭
- प्रीति 'अज्ञात'
#परांठा #Frozenfood #GST #iChowk

गुरुवार, 11 जून 2020

Gujarat में संक्रमित शख्स, उसके परिवार की कहानी Unlock 1.0 का भयानक भविष्य है!


कोरोना वायरस जब दबे पाँव बिना दस्तक़ हमारे देश में घुस आया था, तब और अब की स्थिति में जमीन-आसमान का फ़र्क आ चुका है. उस समय हम सबके मन में भय से कहीं अधिक जोश था. दुश्मन को धूल चटाने का जोश! हम ये मानकर ही चलते हैं कि किसी में इतना दम ही नहीं जो हमें हरा सके! लेकिन अदृश्य से जूझने का अनुभव नहीं था हमें. हमने उसे कम आँका और बार-बार गलती करते रहे. शायद आत्मविश्वास की यही अधिकता हमें ले डूबी है. मार्च के महीने के वे आंकड़ें जो उँगलियों पर गिन लिये जाते थे, अब उनका हिसाब कैलकुलेटर पर लगने लगा है. संख्या दो लाख को पार कर चुकी है. कितने मरे, कितने जीवित, कितने संदिग्ध, कितनों की जाँच और कितने बिना जाँच के! ख़बर बस यही है. वायरस लौटकर भले ही न गया लेकिन जीवन पटरी पर लौटने लगा है. इस बात में दो राय नहीं कि देश की गिरती अर्थव्यवस्था में प्राण फूँकने की दरक़ार थी ही. लेकिन जनता अति उत्साह में भर इस तरह अपना आपा खो देगी, इसका इल्म क़तई नहीं था! बिना मास्क के घूमते लोग, मिलने-मिलाने या तफ़रीह के लिए बस यूँ ही भटकते लोग हर जगह देखे जा रहे हैं. ऐसा लगता है कि अनलॉक-1 को इन्होंने कोरोना वायरस पर जीत की तरह ले लिया है. चार लॉकडाउन (lockdown) के बाद ये पिंजरे में क़ैद किसी पक्षी की तरह व्यवहार कर रहे हैं जिसे अचानक ही उड़ने को सारा आकाश मिल गया हो.
अहमदाबाद में इस समय जो मंज़र है,  दुआ करती हूँ ऐसा किसी शहर में  न हो. जबकि आज ही ये ख़बर भी सुनी है कि दिल्ली और NCR में भी कमोबेश यही स्थिति है. देश के शेष हिस्सों में भी कहाँ सुकून है! मरीज़ों की संख्या इस हद तक बढ़ चुकी है कि अस्पतालों ने अपने दरवाज़े लगभग बंद ही कर लिए हैं. शुरुआत में सरकारी अस्पतालों की स्थिति और व्यवस्था दोनों बेहतर थी लेकिन अब वहाँ जाने के नाम पर लोग हाथ जोड़ लेते हैं. वैसे भी अब सरकारी और निजी दोनों ही अस्पतालों में बेड का मिलना असंभव सा होने लगा है. जान लीजिये कि आपके परिवार में भले ही कोई कोरोना पॉजिटिव हो, बाकियों में लक्षण हों लेकिन test तब तक नहीं होगा जब तक कि उन्हें सुनिश्चित न हो जाए कि आप पॉजिटिव ही निकलेंगे. आपको एक परिवार की कहानी बताती हूँ–

मरीज़ की ज़ुबानी
Covid-19 का परीक्षण कराना आसान नहीं रहा. प्राइवेट हॉस्पिटल एक टेस्ट का तीस हज़ार (30,000) रूपये तक चार्ज कर रहे हैं. नाम तो कोरोना का, पर मरीज़ के प्रवेश करते ही उन्हें अपनी सारी मशीनों के उपयोग का उम्मीदवार दिख जाता है. फिर CT Scan, Echo और जितने भी टेस्ट संभव हैं सबकी उपयोगिता बताते हुए मरीज़ को डराया जा रहा है. बात इतने पर भी नहीं रूकती. जैसे ही पॉजिटिव निकला, उसे बेड (Bed) न होने की असमर्थता जता दी जाती है. मानकर चलिए यदि आप एक संभावित मरीज़ हैं तो दो दिन केवल परीक्षण के लिए भटकेंगे, उसके बाद तीन दिन हॉस्पिटल की खोज में गुजर जायेंगे. भटकने की इस प्रक्रिया में आप कितने लोगों के संपर्क में आकर उन्हें संक्रमित कर सकते हैं, इस बात से किसी को कोई लेना-देना नहीं! यह भी गाँठ बाँध लीजिए कि निजी अस्पताल एक दिन के पच्चीस हज़ार रुपए (25,000) तक चार्ज कर रहे हैं. अब पंद्रह दिन तो वहां रुकना ही पड़ेगा तो जरा अपना बैंक अकाउंट देख लीजिए कि क्या आपमें इतना खर्चा करने की हिम्मत है? दिल्ली में आठ लाख का पैकेज है.

घर की दुर्दशा 
मरीज़ को हॉस्पिटल ले जाते समय घर के बाहर ताला मार दिया गया. जब उन्हें ये कहा गया कि घर में एक वर्ष से भी कम उम्र का छोटा बच्चा है तो यह कहकर तसल्ली दी गई कि “अरे, हम हैं न! आप इस नंबर पर कॉल कर लेना.” पच्चीसों कॉल किये गए, लेकिन कुछ उठाये नहीं गए और कुछ में यह कह दिया गया कि “अभी इन साहब को बताते हैं.” साहब से साहब तक बात घूमती रही लेकिन 36 घंटे तक किसी ने संपर्क करना आवश्यक नहीं समझा. उसके बाद आये और ताला खोल दिया गया. ताला लगाना और खोलना, दोनों ही बेतुका है. यहाँ एक अच्छी बात जोड़ना चाहूँगी कि इस परिवार को पाँच दिन की दवाइयाँ दे दी गईं थीं. घर के दो अन्य सदस्यों में संक्रमण के कुछ लक्षण दिख रहे थे.
समाज का वही रवैया रहा जो ज्यादातर केसेस में देख ही रहे हैं कि आपको अपराधी मान लिया जाता है. कुछ मित्र बिल्डिंग तक सामान पहुँचा गए. घर में जा नहीं सकते थे. अब दरवाज़े तक उस सामान को सोसाइटी का ही कोई सदस्य पहुँचा सकता था. सबने हाथ खड़े कर दिए और वाचमेन ने भी साफ़ इंकार कर दिया. 

सस्पेक्ट का हाल
जब एक सदस्य का बुखार बढ़ने लगा तो सौ मिन्नतों के बाद जाँच के लिए ले जाया गया. यहाँ कोरोना पॉजिटिव मरीजों के साथ ही उन्हें रखा गया. बाथरूम, बेसिन सब कॉमन शेयर करने थे. तबियत में सुधार हुआ तो  होम क्वारंटाइन की हिदायत देकर घर भेज दिया गया. उनकी रिपोर्ट नेगटिव आई है. क्या कोरोना सस्पेक्ट और पॉजिटिव को एक साथ रखना सही है? क्या इससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ नहीं जाती?

चेत जाइए 
मानकर चलिए कि यदि आप कोरोना से पीड़ित हो जाते हैं तो संघर्ष का एक ऐसा भीषण दौर शुरू हो जायेगा जो आपका पूरा जीवन उलट-पुलट कर देगा! आप बेधड़क घर से बाहर निकल रहे हैं तो ये वायरस गला दबोचने को ही तैयार बैठा है. केंद्र या राज्य सरकारों पर आरोप लगा लेने से कुछ हल नहीं निकलेगा. वो रोज़ आपके मुँह पर मास्क नहीं बाँध सकते हैं. अपनी सुरक्षा हमें स्वयं ही करनी है. संक्रमण का खतरा हर जगह है, हर किसी से है. 
अब दोबारा सोचिए कि जान कैसे बचेगी? क्या पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के बिना घर से बाहर निकलना, जान से भी ज्यादा जरुरी है? मास्क कोई हेलमेट नहीं है कि कहीं भी अटकाया और चल पड़े. ये जीवन है आपका, जिस पर आपका परिवार भी निर्भर करता है. अपना नहीं तो उन अपनों का सोचिए जिनकी ज़िंदगी आपसे जुड़ी है. कहीं आपकी तफ़रीह और अनावश्यक जोश उनकी ख़ुशियों का बलिदान न ले ले!
- प्रीति ‘अज्ञात’
#coronavirus #the_real_story #Ahmedabad #iChowk #Gujarat

शुक्रवार, 12 अक्टूबर 2018

#MeToo श्श! किसी को बताना मत!

कुछ भी कहने के पहले मैं उन सभी स्त्री-पुरुषों को सलाम करती हूँ जो इस विषय पर बेझिझक साथ खड़े हैं.
#MeToo Campaign के समर्थन में स्त्रियों का होना स्वाभाविक है क्योंकि यही वह वर्ग है जिसने यौन शोषण की गहन पीड़ा उम्र के हर दौर में झेली है और नियम यह था कि 'मौन' रहना होगा! ये जो चुप्पी है न, ये कभी सिखाई नहीं जाती! दरअसल बचपन से ही स्त्री के इर्दगिर्द एक ऐसा वातावरण बना दिया जाता है या यूँ कहिये कि हम उसमें ही जन्म लेते हैं जहाँ देह को इज़्ज़त/मान-सम्मान से जोड़ दिया गया है और फिर इसको तार-तार करने वाला चाहे कोई भी हो, पर इज्ज़त तो ज़नाब 'स्त्री' की ही जाती है. चाहे घर के भीतर किसी रिश्तेदार या घनिष्ठ मित्र ने भी उसके साथ गलत व्यवहार किया है; पर परिवार की नाक सलामत रहती है लेकिन यह उसी वक़्त कटी घोषित कर दी जाती है ग़र यह बात घर से बाहर चली जाए! चूँकि बेटी तो घर की लाज होती है तो यह किस्सा घर में ही दबा दिया जाता है. इसे बहुधा संस्कार, प्रतिष्ठा और अनुशासन के भारी लेबल के साथ सलीक़े से इस तरह स्थापित किया जाता है कि बदनामी, अपनों को खो देने का भय, उनकी चिंता, परिवार का सम्मान, कौन शादी करेगा? जैसे प्रश्नों की विभिन्न परतें उसके अस्तित्त्व पर लिपटती चली जाती हैं.  

"किसी को बताना मत!" की सलाह के साथ कर्त्तव्य निभा लिया जाता है पर कोई एक पल भी नहीं सोचता कि उम्र भर उस घिनौने इंसान को अपनी आँखों के सामने कुटिलता से मुस्कुराते देख वो रोज कितनी दफ़ा टूटती होगी! भयभीत हो सिहर जाती होगी! ख़ुद को कमरे में बंद कर घंटों अकेले रहती होगी! उस लिजलिजे, घृणित स्पर्श को याद कर चीत्कार मार रातों को उठ-उठ बिलखती होगी! शायद उस घटना से कई और बार भी गुज़रती होगी! पर स्त्री है, इसलिए चुप रहना होगा!

यदि उसने एक अच्छा और सुखी बचपन जिया है तब भी वह स्वयं को एक सभ्य समाज में रहने लायक़ बनाने के लिए इन सारी बातों को उम्र-भर गाँठ बाँधे रखती रही है.
तभी तो घर से बाहर जाते समय बीच राह कोई उसे टोकता, छूता, सीटी मारकर गंदे शब्द कहता...वह आँखें नीची कर चुपचाप निकल जाती. बोलने का मतलब, तमाशा और फिर घर की नाक का सवाल जो ठहरा. घर, ऑफिस, बस, ट्रेन, लम्बी लाइन, धार्मिक स्थल, शादी-ब्याह, पारिवारिक कार्यक्रम....हर परिचित/अपरिचित स्थान पर ऐसा होना और बर्दाश्त करना उसने अपनी नियति मान लिया. 

मैं यह पूरे दावे के साथ कह सकती हूँ कि हर स्त्री ने कम/ज्यादा ही सही पर अपने जीवन में शारीरिक शोषण कभी-न-कभी न अवश्य ही झेला होगा! याद कीजिये बस/ट्रेन में वो अचानक से किसी कोहनी का स्पर्श, जाँघों पर हाथ या लाइन में किसी का सटकर खड़ा होना...पलटकर देखने पर वही गन्दी निग़ाह और भद्दे इशारे....और हमारा भीतर ही भीतर गड़ जाना!

हमारी पीढ़ियाँ एक-दूसरे को चुप रहना सिखाती रहीं. उनकी सिसकियाँ घर की खोखली चारदीवारी के भीतर ही सम्मानित होती रहीं. स्त्रियाँ हर बात पर झट से यूँ ही नहीं रो देती हैं, ये कुछ दफ़न किये हुए किस्सों से उपजी गहन पीड़ा का वो भरा समुन्दर है जो जरा सी दरार देख बह उठता है. 

लानत है उन लोगों पर जो हाल के घटनाक्रम से बौखलाए हुए ऊलजलूल कहे जा रहे हैं. जिन्हें स्त्री के अब बोलने से इसलिए आपत्ति है कि वो 'तब' क्यों नहीं बोली? जिन्हें सबूत की दरक़ार है, वे ये सवाल कभी अपने घर की स्त्रियों से करकर देखें! उनकी आँखों की नमी और आवाज़ की कंपकंपाहट आपके नीचे की ज़मीन खिसका देगी. 
वो जिन्हें लगता है कि स्त्री उनकी बदौलत आगे बढ़ी और अब उसकी जुबां निकल आई है तो वे भी जान लें कि किसी की मदद कर देने से वे उसके शरीर के अधिकारी नहीं हो जाते. इनका एक गलत स्पर्श उस इंसान का जीवन तबाह कर देता है.
देह के परे एक इंसान भी है उसमें कहीं, उसका सम्मान करना सीखिए. 

आशंका है कि अब कोई नया भीषण मुद्दा योजनाओं की कड़ाही में खलबलाया जा रहा होगा जिसे जल्द ही सबके सामने परोस इस मुद्दे का मुँह शीघ्र ही बंद कर दिया जाएगा क्योंकि यदि इसके दोषियों को सज़ा मिलने लगी तो देश की जेलें कम पड़ जायेंगी.
सज़ा!! मैं भी क्या सोच रही हूँ!

ध्यान से अपने आसपास देखिये कि हर बात पर गालीगलौज पर उतर आने वाले नेताओं/प्रवक्ताओं की बोलती इस विषय पर कैसे बंद है? वे पत्रकार/ साहित्यकार जो जरा-जरा सी बात में क्रांति का उद्घोष कर रणक्षेत्र में कूद पड़ते हैं, इस समय मैदान छोड़ क्यों भाग खड़े हुए हैं?
बड़े-बड़े नामों के गले में ये कौन-सी हड्डी फंसी हुई है जिससे उनसे न बोलते बन रहा है न उगलते?
- प्रीति 'अज्ञात'
#MeToo  #iChowk
आप इसे यहाँ भी पढ़ सकते हैं -
https://www.ichowk.in/society/metoo-has-given-strength-to-women-to-speak-against-harassment-they-faced/story/1/12739.html

शनिवार, 1 सितंबर 2018

गोलगप्पा: हाय! इस पर किसी को प्यार क्यों न आये भला!

हम भारतीयों को तीन बातों से बड़ी तृप्ति मिलती है-पहला गोलगप्पे खाने से, दूसरा पाकिस्तान को हराने से और तीसरा फ्री में कुछ मिल जाने से.आज पहले की बात करते हैं -
गोलगप्पा, ज़िंदाबाद है, ज़िंदाबाद था और ज़िंदाबाद रहेगा!
वैसे तो गोलगप्पा किसी परिचय का मोहताज़ नहीं और यदि आपने अब तक इसका नाम नहीं सुना है तो आपको स्वयं ही अपने ऊपर देशद्रोह का आरोप मढ़, चुल्लू भर पानी ले यह देश छोड़ देना चाहिए. कुल मिलाकर लानत है आपकी भारतीयता पर! भई, गोलगप्पे का भी अपना इतिहास है, समझिये उसे पर पिलीज़ बदलियेगा मत!
सब जानते हैं कि हरदिल अजीज गोलगप्पे को देश के विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है. पानी पूरी, पकौड़ी, पानी के बताशे, गुपचुप, पुचका, गोलगप्पे, फुल्की और कितने नामों से इसे पहचाना जाता है पर 'नाम जो भी, स्वाद वही चटपटा!'  

'गोलगप्पा' ये नाम ही इतना क्यूट है जैसे कि कोई गोलू-मटोलू बच्चा मुँह फुलाये बैठा हो. हाय! इस पर किसी को प्यार क्यों न आये भला!
गोलगप्पे की कहानी इतनी पुरानी है कि कभी-कभी तो लगता है कि जैसे यह सतयुग से चला आ रहा है. उफ़ ये छोटे-छोटे पुचके जब आलू और चने के साथ तीखे, चटपटे पानी में  लहालोट होते हैं तब हर भारतीय की स्वाद कलिकायें एक ही सुर में जयगान करती हैं "गर फिरदौस बर रूये ज़मी अस्त/ हमी अस्तो हमी अस्तो हमी अस्त". 
हमारा पाचन तंत्र भी बचपन से इस तरह ही डेवलॅप होता रहा है कि उसमें गोलगप्पे के लिए विशिष्ट स्थान स्वतः ही आरक्षित रहता आया है. अच्छी बात ये है कि अब तक इस पर किसी क़ौम ने अपना कॉपीराइट नहीं ठोका है वरना तो सियासतदां इस पर भी बैन लगा इसे पाचन सुरक्षा के लिए ख़तरा बता रफ़ा-दफ़ा कर दिए होते! ख़ुदा न करे पर यदि किसी ने इसके विरुद्ध एक क़दम भी उठाया न तो उसे इस देश की तमाम जिह्वा कलिकाओं का ऐसा श्राप लगेगा, ऐसा श्राप लगेगा कि वह अपनी सुधबुध के साथ सारे स्वाद भी खो बैठेगा. यूँ मैं धरना, आंदोलन टाइप बातों में क़तई विश्वास नहीं करती पर भइया गोलगप्पे की साख़ पे आँच भी आई न तो फिर हम क्रांतिकारी बनने में एक पल की भी देरी नहीं करेंगे.

ये सब हम यूँ ही नहीं कह रहे! दरअसल गोलगप्पे से देशवासियों का असीम भावनात्मक जुड़ाव रहा है. यही एक ऐसा फास्टफूड है जिसने अमीर-गरीब, ऊँच-नीच की गहरी खाई को पाटने का काम किया है. यह उम्र, जाति, धर्म का भेदभाव किये बिना सबको एक ही रेट में, एक-सा स्वाद देता है. यहाँ साइकिल सवार हो या बड़ी गाड़ी के मालिक सब एक साथ पंक्तिबद्ध नज़र आते हैं. कोई असल का भिक्षुक हो या करोड़पति; कटोरी तो साब जी सबके हाथ में होती ही है.
महँगाई चाहे कितनी भी बढ़ गई हो पर यही एक ऐसा खाद्य पदार्थ है जो अब भी सबके लिए अफोर्डेबल है. दस रुपये में कोई चार देता है तो कोई छह, उस पर मसाला वाली अलग से. इतनी उदारता तो उदारवादी संगठनों में भी देखने को नहीं मिलती.  और जहाँ तक विकास की बात है तो वो भी इसने जमकर कर लिया है. पहले रेगुलर मसाला पानी ही आता था और हम खुश हो गटागट पी लिया करते थे पर फिर भी इसने अपने विकास का ग्राफ ऊँचा चढ़ा पुदीना, नींबू, अदरक, लहसुन, जीरा, हाज़मा हज़म के फ्लेवर भी इसमें जोड़ दिए हैं. ये जो लास्ट वाला 'हाज़मा हज़म' है न, ये उन जागरूक नागरिकों के लिए ईज़ाद किया गया है जो अपने बढ़ते वज़न को लेकर चिंता पुराण खोल लेते हैं. हाज़मा हज़म खाते ही इन्हें गोलगप्पे खाने के अपराध बोध से कुछ इस तरह मुक्ति मिल जाती है जैसे कोई महापापी पुष्कर में डुबकी लगा स्वयं को संत महात्मा की केटेगरी में डाल मुख पर वज्रदंती मुस्कान फेंट लेता है.

अच्छा, हम लोग वैसे तो बचपन से ही लम्बी- लम्बी लाइनों में लगने को प्रशिक्षित हैं लेकिन यही वो मुई नासपीटी जगह है जहाँ हमारे सब्र का बाँध टूट जाता है. प्रतीक्षा में खड़े लोग गोलगप्पे देने वाले को यूँ तकते हैं जैसे चकोर ने भी आज तक चाँद को न देखा होगा. 'अच्छे दिन कब आयेंगे?' की चिंता में घुलते लोग भी सब कुछ भूल यही जाप करते हैं कि 'मेरा नंबर कब आएगा?'. कुछ एक्टिविस्ट टाइप लोग तो ये भी गिनते रहते हैं कि फलां हमारे बाद आया, कहीं इसका नंबर पहले न लग जाए. इसी को सत्यापित करने की कोशिश में वो ठेले वाले की ओर लाचार, प्रश्नवाचक नज़रों से से देखते हैं और फिर उसकी मुंडी के सकारात्मक मुद्रा में मात्र दस डिग्री के कोण से झुक जाने पर ही ये अपनी जीत के प्रति आश्वस्त होकर साक्षात् विजयी भाव को धारण करते हैं.
 फिर भी प्रतीक्षारत लोग खड़े-खड़े प्रश्नों के इस दावानल से तो जूझते ही रहते हैं. 'भैया, मसाला तो और है न?'
 'उफ्फ, ये लोग कित्ता खाते हैं!'
'अपन पाँच  मिनट पहले आ जाते, तो अच्छा था. कहीं ठेला ही न बंद कर दे!' 
और जब अपना टर्न आया तो....हे हे हे, भैया आलू और भरो न थोड़ा सा, नमक भी डाल दो और आराम से खिलाओ, इत्ती जल्दी-जल्दी मत दो, हमको ट्रेन नहीं पकड़नी है....खी खी खी. दोना रखा करो. उसमें खाने में और मज़ा आता है.
इश्श! इतना अपनापन झलकता है कि उई माँ! कहीं नज़र ही न लग जाए इस अपनापे को!
और फिर प्रथम गोलगप्पे के मुँह में जाते ही अहा! सारी क़ायनात एक तरफ....कैसा चमचमाता है, ये चेहरा, सारी दुनिया का नूर छलकता है! जुबां मस्तिष्क तक ये गीत भेजने को लालायित हो उठती है, "तुम आ गए हो, नूर आ गया है/ नहीं तो चराग़ों से लौ जा रही थी" उधर से भी लपककर तुरंत जवाब आता है,"जीने की तुमसे, वजह मिल गई है बड़ी बेवजह ज़िन्दगी जा रही थी." 

नैतिक शिक्षा: उपर्युक्त वर्णन से हमें यह शिक्षा मिलती है कि सत्ता और विपक्ष को एकसूत्र में बाँधने का काम गोलगप्पा ही कर सकता है. इसी के मंच पर खड़े होकर समस्त भारतवासी एक दिखाई देते हैं. अतः हमें इसे राष्ट्रीय स्वाद्कलिका योजना के तहत राष्ट्रीय तेजाहार (फ़ास्ट फ़ूड) घोषित करवाने के लिए संगठित होना ही पड़ेगा. जय भारत!
- प्रीति 'अज्ञात'
पोस्ट इंडिया टुडे ग्रुप के ऑनलाइन ओपिनियन प्लेटफॉर्म, iChowk पर पढ़ें- 

बुधवार, 27 जून 2018

तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे!

मोहम्मद रफ़ी का नाम जब-जब सामने आता है तब-तब स्मृतियों में उनका वह सादगी भरा मुस्कुराता चेहरा स्वत: ही घूमने लगता है. एकदम सहज, सरल, हंसमुख. शायद ही कोई भारतीय होगा जो उनके गीतों का दीवाना न रहा हो. आज जब गूगल ने अपना डूडल उन्हें समर्पित किया तो उनके सदाबहार गीत और सुमधुर आवाज की सुरमई रागिनी फ़िज़ाओं में झूमने लगी. उनका गाया कौन-सा गीत सबसे प्रिय है, यह तय करना उतना ही मुश्क़िल है जैसे कोई किसी मां से पूछे कि तुम्हें कौन-सा बच्चा अधिक प्यारा है.

रफ़ी साहब ने हर रंग, हर विधा, हर मूड के गीतों को अपने स्वरों की जो अनमोल सरगम दी है, वह संगीत प्रेमियों के लिए नायाब तोहफ़े की तरह है. अहा, क्या ख़ूब आवाज़ और कितनी सुन्दर अदायगी. उनके गायन का अंदाज़ ही कुछ ऐसा था कि श्रोता तुरंत समझ जाते थे कि यह गुरुदत्त पर फिल्माया गया है या देव आनंद पर. राजेंद्र कुमार, शम्मी कपूर, दिलीप कुमार, ऋषि कपूर, अमिताभ, शशि कपूर और न जाने कितने ही नायकों को शिखर पर पहुंचाने में इनकी आवाज का अतुलनीय योगदान रहा है. नौशाद, शंकर जयकिशन, मदन मोहन, रवि, ओ पी नैयर, लक्ष्मीकांत प्यारेलाल के साथ उनकी जोड़ी ख़ूब जमी और रफ़ी जी ने श्रोताओं के अगाध स्नेह के साथ-साथ कई राष्ट्रीय एवं फिल्मफेयर पुरस्कार भी प्राप्त किये.

मोहम्मद रफ़ी गाते नहीं, शब्दों को जीते थे. उनके गीत युवाओं की धड़कन, उनके अहसास की अभिव्यक्ति का माध्यम थे. ये उनका जादू ही है जो अब तक हम सबके सिर चढ़कर बोलता है. उनकी आवाज़ के बिना आज भी न तो कोई बारात दरवाजे पहुंचती है और न ही दूल्हा घोड़ी से उतरता है. जब तक बैंड वाले 'बहारों फूल बरसाओ, मेरा महबूब आया है' नहीं बजा लेते. विदाई के भावुक पलों में उनका ही गाया 'बाबुल की दुआएं लेती जा' या 'चलो रे डोली उठाओ कहार' वातावरण को भाव-विह्वल कर देता है. समाज की भावनाओं का साक्षात प्रतिबिम्ब बन गई है उनकी आवाज़.

किसी भी प्रेमी की आशिक़ी उनके बिना अधूरी है और अपनी महबूबा के रूठने-मनाने से लेकर उसके हुस्न की तारीफ़ करने में वह इन्हीं का सहारा लेकर आगे बढ़ता है. याद कीजिये- तेरी प्यारी-प्यारी सूरत को किसी की नज़र न लगे, ए-गुलबदन, चौदहवीं का चांद हो, हुस्नवाले तेरा जवाब नहीं, तेरी आँखों के सिवा दुनिया में रक्खा क्या है, तारीफ़ करूं क्या उसकी, यूं ही तुम मुझसे बात करती हो और ऐसे कितने ही सदाबहार गीतों के माध्यम से जवां दिलों की क़ामयाब मोहब्बत की नींव पड़ी है.

इनके आंदोलित करते गीतों ने भी प्रेमी-युगलों को समर्थन की ताजा सांसें उपहार में दी हैं. मुग़ल-ए-आज़म में जब ये अपनी बुलंद आवाज़ में 'ऐ मोहब्बत ज़िंदाबाद' गाते हैं तो उस दशक से लेकर अब तक के लाखों प्रेमी उनके साथ एक रूहानी सुकून महसूस कर कह उठते हैं, 'है अगर दुश्मन, दुश्मन.. जमाना ग़म नहीं, ग़म नहीं'हर जवां दिल ने 'एक घर बनाऊंगा तेरे घर के सामने' और 'अभी न जाओ छोड़कर...' से अपनी प्रेमिका की मनुहार की है. जहां 'एहसान तेरा होगा मुझ पर' से कठोर दिलों में नरमी भरी है वहीं 'झिलमिल सितारों का आंगन होगा' से आशाओं के सैकड़ों दीप भी प्रज्ज्वलित हुए हैं.

उदासी और विरह में रफ़ी जी के नग़मों के साथ बैचेनी भरे पल कटते हैं और प्रेमी-प्रेमिकाओं के आंसुओं की अविरल धार और प्रेम से उपजी पीड़ा की निश्छलता में भी इन्हीं के सुरों की प्रतिध्वनि गुंजायमान होती है. कौन भूल सकता है इन गीतों को, जिन्होंने विरह-काल में उसी महबूब की यादों की दुहाई दी है.... दिल के झरोखे में तुझको बिठाकर, क्या हुआ तेरा वादा, मेरे महबूब तुझे मेरी मोहब्बत की क़सम, तेरी गलियों में न रखेंगे क़दम आज के बाद.

मस्ती और शैतानी भरे गीतों से रफ़ी साब ने जो बिंदास और खिलंदड़पन भरे पल दिए हैं, उनका तो कहना ही क्या! तैयब अली प्यार का दुश्मन हाय हाय, नैन लड़ जईहैं तो मनवा मा कसक होइबे करी, बदन पे सितारे लपेटे हुए, हम आपकी आंखों में इस दिल को बसा दें तो, इशारों-इशारों में दिल लेने वाले... सूची ख़त्म नहीं होगी. इन जैसे समस्त गीतों की प्रशंसा के लिए एक ही शब्द है.. याहू!!!!

'कर चले हम फ़िदा जान-ओ-तन साथियों' जैसे देशभक्ति गीतों को भी रफ़ी साब ने इतनी ही शिद्दत से गाया है कि आज भी उन्हें सुनकर शरीर में सिहरन-सी दौड़ जाती है और मन भीतर तक भीग जाता है.

कहते हैं दुनिया में सबसे ख़ूबसूरत रिश्ता या तो ईश्वर से होता है या फिर दोस्त से. यह हम श्रोताओं का सौभाग्य है कि इन दोनों ही रिश्तों को अपने शब्दों की प्राणवायु से पल्लवित करने में इनका कोई जवाब नहीं! तभी तो 'मन तड़पत हरि दर्शन को आज', 'ओ दुनिया के रखवाले' ह्रदय को भीतर तक झकझोर कर रख देते हैं.

'दोस्ती' फ़िल्म का हर गीत इस सुन्दर रिश्ते की तरह हर राह साथ चलता है. कहते हैं कि यह फ़िल्म जिसने भी देखी थी, वह फूट-फूटकर रोया था. मैंने यह दस वर्ष की उम्र में देखी थी और तब से आज तक इस रिश्ते की शक्ति पर विश्वास क़ायम है. 'चाहूंगा मैं तुझे सांझ-सवेरे', 'मेरा तो जो भी क़दम है', राही मनवा दुःख की चिंता क्यूं सताती है' जैसे गीतों की अमिट छाप आज तक ह्रदय पर अंकित है और उदासी के समय मन 'मेरे दोस्त किस्सा ये क्या हो गया' गुनगुनाने लगता है.

'आदमी मुसाफिर है' जैसे कितने ही दार्शनिक और हृदयस्पर्शी गीतों में इनकी ही स्वर-लहरियों का भावनात्मक संचार हुआ है. निराशा के भीषण पलों में 'ये दुनिया ये महफ़िल', गीत कितना सच्चा और अपना-सा लगता है. प्यासा और कागज़ के फूल फिल्मों का प्रत्येक गीत नए गायकों के लिए एक पाठ्यक्रम की तरह है. जिसने ये गायकी सीख ली वो तर गया.

दशकों बाद भी वर्तमान परिवेश में इस गीत की सार्थकता कम नहीं हुई है... ये महलों, ये तख्तों, ये ताजों की दुनिया /ये इंसान के दुश्मन समाजों की दुनिया /ये दौलत के भूखे रवाजों की दुनिया /ये दुनिया अगर मिल भी जाये तो क्या है... वाह्ह, वाह्ह और फिर वाह्ह्ह!

चुरा लिया है तुमने जो दिल को, इतना तो याद है मुझे, चलो दिलदार चलो, तेरी बिंदिया रे, तुम जो मिल गए हो, आज मौसम बड़ा बेईमान है, दीवाना हुआ बादल.... जैसे हजारों गीतों की लम्बी श्रृंखला है जहां अपना सबसे प्रिय गीत चुन पाने से दुरूह कार्य और कुछ नहीं! छोड़ ही दीजिए.

सच तो यह है कि रफ़ी साब के युग को कुछ शब्दों में समेट लेना न तो आसान है और न ही संभव. यह तो बस स्नेहसिक्त प्रयास भर है, उनकी आवाज़ को दिल से सुनने, सलाम करने का!

ठीक ही कहा था आपने, 'तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे /हां तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे /जब कभी भी सुनोगे गीत मेरे/ संग संग तुम भी गुनगुनाओगे'

गुनगुना रहे हैं, सर! हम सबका स्नेह और धन्यवाद क़बूल करें.
-#प्रीति 'अज्ञात'
#iChowk में 24-12-2017 को प्रकाशित 
https://www.ichowk.in/…/tribute-to-mohamm…/story/1/9278.html

चाय पे अराजनीतिक चर्चा

चाय का पहला घूंट, किसने कब लिया था, यह तो याद नहीं होगा. पर इतना तो आप सबको जरूर याद रह गया होगा कि बचपन में गर्मियों या दीवाली की छुट्टियों में जब-जब ददिहाल या ननिहाल जाना हुआ है, तब-तब भगोना भर खदकती चाय से सामना होता रहा है. चूल्हे पर चढ़ी चाय, घूंघट काढ़े परिवार की स्त्रियां, अपनी-अपनी मांओं का आंचल पकड़े घर के भुख्खड़ बच्चे और आसपास चहलक़दमी करते पुरुष; संयुक्त परिवार की यह सबसे ख़ूबसूरत और नियमित तस्वीर हुआ करती थी.

सर्दियों में अदरक वाली चाय की महकती ख़ुशबु का जादू ही कुछ ऐसा था कि हड्डियों को ठिठुरा देने वाली सर्दी भी बड़ी भली लगती थी. चाय के सामने आते ही स्वेटर की बाहों में कुंडली मारे छुपे दोनों हाथ रेंगते हुए बाहर आते और लपककर कुल्हड़ को थाम लेते. कुल्हड़ में आ जाने के बाद चाय की महक़ और स्वाद दोगुना बढ़ जाता. परिवार इकठ्ठा बैठता, ठहाके लगते और चाय का चूल्हे पर चढ़ना-उतरना, लगभग दो घंटे की शॉर्ट फिल्म की तरह चलता.

कुछ नवाबी सदस्य देर से उठते और अंगड़ाई लेते हुए सीधा रसोईघर या आंगन की तरफ खिंचे चले आते. उनकी अलसाई पलकों से एक ही प्रश्न झांकता, "चाय बन गई क्या? हां, मेरी छान दो." चाय के साथ थाली भर-भर घर के बने चिप्स, सूखा नाश्ता या गरमागरम पोहा परोसा जाता, तो कभी कचौड़ी-समोसे का लम्बा दौर चलता जो जलेबी के आने तक जारी रहता. अजीब लगते है न वो दिन, कैसे सब कुछ हज़म कर जाते थे! फिर उसके बाद भोली आंखों से यह पूछना भी कभी न भूलते कि 'आज खाने में क्या है?"

चाय के साथ सिर्फ़ बातें ही नहीं होती थीं, दिल भी जुड़ते थे. इस चाय ने घर को कैसे बांध रखा था! इसका हर सिप एक नई ताजगी देता था. चाय पर चर्चा, हंसी-ठट्ठा और कभी-कभी गंभीर वार्तालाप घर-घर की कहानी थी. बेहद सुहानी थी.

समय के साथ-साथ परिस्थितियों में परिवर्तन आया तो चाय पर इसका असर होना स्वाभाविक ही था. यह भी ठिठककर ग्रामीण कुल्हड़ से कंफ्यूज गिलास और फिर शहरी कप में आन बसी. बीते चार दशकों में इसकी जितनी वैराइटी आई हैं उतनी वैराइटी तो हमारे नेताओं में भी देखने को नहीं मिलती (यह सुखद है).

पहले चाय का मतलब सिर्फ़ चाय ही होता था. बढ़ती महंगाई ने इसकी ऊंचाई घटाकर इसे 'कटिंग' बना दिया और अब इस 'कटिंग' को भी रेलवे वाले 'चम्मच' बनाने पर तुले हुए हैं. दस रुपये में घूंट भर चाय पीकर ऐसा लगता है कि उन्होंने हमें सर्दी से बचाने के लिए दो चम्मच पत्ती वाला सिरप दे दिया हो. पहले हर स्टेशन पर चाय पीने की जो लत थी, वो टीवी चैनलों की कृपा से छूटती जा रही है. उन्होंने ही सबसे पहले यह ज्ञान दिया था कि हम चाय नहीं 'ज़हर' पी रहे हैं.

मिलावटी सामग्री और केमिकल के इस्तेमाल की ख़बर ने घर से बाहर उपलब्ध चाय के सम्मान में गिरावट लाई ही थी कि घरों में भी चायवादी गुट बन गए. सबकी अपनी मांगें हैं. किसी को ब्लैक टी चाहिए तो किसी को ग्रीन. किसी को कम दूध वाली तो किसी को ज्यादा दूध वाली. कभी स्ट्रॉन्ग (इसका तात्पर्य आज तक समझ नहीं आया पर इसका श्रेय लिप्टन 'टाइगर' चाय को ही जाना चाहिए) तो कभी मीठी. मधुमेह के रोगियों के लिए बिना चीनी वाली. 'आइस्ड टी' के प्रशंसकों की भी कमी नहीं. एक समय 'डिप' वाली चाय का गंभीर दौर भी चला था. हम जैसे चाय प्रेमियों ने इसे 'जैक एन्ड जिल' वाली राइम की तरह तुरंत ही याद भी कर लिया था. जो इतने वर्षों बाद भी आज तक याद है - "dip,dip... add the sugar & milk... and is ready to sip... do u want stronger, dip it little longer... dip, dip, dip."

वैसे चाय को मध्यम वर्ग का पसंदीदा पेय बनाने का श्रेय ज़ाकिर हुसैन को जाता है. चाय पीते-पीते मुंह से जो 'वाह' निकलती है, इस लफ्ज़ की अदायगी हम सबने ज़ाक़िर साब से ही सीखी है. बाद में उर्मिला मातोंडकर भी आईं, पर विज्ञापन में उनकी चाय का कप खाली होने का संदेह होता था. बल्कि दिखता ही था कि उन्होंने खाली कप ही उठाया है. लेकिन 'ताज' का असर और यादें आज भी ताजा हैं. कंपनियों ने चाय की बढ़ती ख़पत देख, शुगर-फ्री लांच कर दिया... यानी सबका साझा प्रयास यही रहा कि चाय का साथ कभी न छूटे... 'प्राण जाए, पर चाय न जाए' की तर्ज़ पर''.

कहते हैं जो पति, अपनी पत्नी को मॉर्निंग टी बनाकर देते हैं, उनका जीवन बड़ा ही सुखमय गुज़रता है.

बॉलीवुड ने भी चाय को हाथोंहाथ भुनाया है. "शायद मेरी शादी का ख्याल, दिल में आया है... इसीलिए मम्मी ने मेरी तुम्हें चाय पे बुलाया है" गीत में टीना मुनीम, राजेश खन्ना को चाय पर बुलाने का सामाजिक अर्थ समझा रहीं हैं. तो "इक गरम चाय की प्याली हो, कोई उसको पिलाने वाली हो' में अनु मलिक, सलमान के माध्यम से सिने प्रेमियों को चाय की आड़ में गृहस्थ जीवन में प्रवेश का सुविचार बताते दृष्टिगोचर होते हैं.

चाय को राष्ट्रीय पेय घोषित कर देना चाहिए-

निष्कर्ष यह है कि चाय के घटते-बढ़ते स्वरुप, पात्र के प्रकार और आकार, विविध विज्ञापनों का युग, स्वाद का ड्रास्टिक मेकओवर, ट्रेन में बार-बार उबालकर परोसे जाने के बावज़ूद भी, किटली कल्चर का आगमन इस तथ्य की ओर सीधा संकेत देता है कि इस गर्म पेय का भविष्य अत्यन्त उज्ज्वल और सुनहरा है.

अतिथि के आने पर घर में कुछ न हो, कहीं जाने की जल्दी हो; तब भी हम इतना अनुरोध तो अवश्य ही करते हैं, "अरे, चाय तो पीकर जाइए." जब दो मित्र साथ बैठते हैं तो सबसे पहली बात यही, "चल, चाय पीते हैं."

अपने जीवन को रिवाइंड कीजिए, एक कप चाय ने कितने स्नेहिल दिलों से मिलवाया होगा.

चाय हमारी संस्कृति है, सत्कार का संस्कार है, एक तरल बंधन है जो मिल-बैठकर बात करने को उत्साहित करता है, स्नेह बढ़ाता है. रिश्तों को नई उड़ान देता है. चाय से सुबह की ऊष्मा है, दोपहर की ऊर्जा है और शाम की थकान को दूर भगाती तरावट है. चाय सच्चे साथी की तरह हमें अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करती है. चाय है, तो दिन है.. चाय नहीं, तो रात है! ये हमारे मन की बात है!
- #प्रीति 'अज्ञात'
#iChowk में 17-12-2017 को प्रकाशित 
https://www.ichowk.in/culture/tea-and-tales-indian-railway-tradition-village-joint-family/story/1/9171.html

The whole thing is that कि भइया... सबसे बड़ा रुपैया

सच कहूं तो, कर्नाटक में जो कर्रा नाटक चल रहा है उससे मुझे कोई लेना-देना नहीं. इसलिए नहीं कि मुझे राजनीति में कोई रुचि नहीं और यह रत्ती भर समझ नहीं आती बल्कि इसलिए भी कि परिणाम चाहे कुछ भी निकले, जनता को तो उल्लू बनना ही है.

सोचकर देखो, आख़िर चुनाव है क्या?

अब जान लो, “चुनाव वह परीक्षा है जहाँ दिल को सात फुट अंदर गाड़कर नेताओं के दिमाग की बत्ती इस सोच के साथ जलती है कि जनता के दिमाग़ की आशान्वित मोमबत्तियों को उम्मीदों की घुमावदार सीएफएल के साथ कैसे गुल किया जाए. यह झूठे वायदों की गहरी-अंधेरी खाई है जिसमें सिर के बल गिरने के बाद मतदाता को जैसे-तैसे, हाथ-पांव मार बाहर निकलकर अपनी मरहम-पट्टी स्वयं ही करनी होती है. यह एक बड़ी और शानदार दावत की तस्वीर दिखाकर हाथ में थमाई चूरन की चटपटी गोली है जो हमें खाली पेट ही हजम करना है”.

क्या है यह प्रक्रिया?

पूरी चुनावी प्रक्रिया का प्रारम्भ उम्मीदवारों के चयन (माने उठापटक) से होता है. सर-फुटौवल और प्यार-मनुहार, ये दोनों विरोधाभासी गुण इसी महत्त्वपूर्ण समय एक-साथ गलबहियां करते दिखते हैं और ब्याह में रूठे फूफा की तरह मुँह फुलाए कुछ लोगों की उपस्थिति कोने में भी दर्ज की जाती रही है. आपसी ख़ुन्नस निकालने और छीनाझपटी के बाद अंततः तय हो ही जाता है कि फलाने-ढिमके को ‘मैदान में उतारा जाएगा’. जी, हां. सही पढ़ा आपने, यह कुश्ती टाइप ही होता है. यह जंग का जंग खाया ऐसा मैदान है जहां कांटे की टक्कर से कहीं अधिक गुलाबी धन उछाल मारता है.

प्रचार, आवागमन, खान-पान, होटल इत्यादि की व्यवस्था में लगा पैसा कहां से आता है? यह जानकर हमारी आत्मा को क्षति पहुंच सकती है अतः किसी गणितीय सूत्र की तरह चलो यह मान लेते हैं (suppose) कि वह एक बड़े बरगद के वृक्ष से टपकता है. तो, इस बरगद की टपकन से आए पैसे को जी-भरकर इस तरह खर्च किया जाता है जैसे कोई पिता अपनी बेटी के ब्याह में ‘कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, भैया.’ की आत्मिक पुकार के साथ करता आया है.

इन सब तैयारियों के बीचों-बीच स्क्रिप्ट राइटर पूरी तन्मयता के साथ अपना काम लगातार कर रहा होता है. इस स्क्रिप्ट राइटर का प्रमुख गुण न केवल उसका उत्तम इतिहासकार होना है जिससे वह समय-समय पर हड़प्पा की ख़ुदाई की तरह विरोधी दल की सभी पीढ़ियों का ज्ञान उपलब्ध करा सके बल्कि अपशब्दों और गरिमाहीन शब्दों की जानकारी रखने वालों को भी चयन में प्राथमिकता दी जाती है. थोड़ी-बहुत कमी तो साब लोग बोलते समय पूरी कर लेते हैं. अब, आप उन्हें इतना कम भी न समझो. उनके पास भी अपना एकदम मौलिक शब्दकोष है भई.

खैर, इस सबके बाद वोटिंग, एडजस्टिंग, आरोप-प्रत्यारोप के बीच गिनती शुरू होती है. उसके बाद का मनभावन दृश्य बिल्कुल वही है जिसके लिए तमाम चैनल पलक-पाँवड़े बिछाए प्रतीक्षारत होते हैं. असाधारण प्रतिभा के धनी रायचंदों का एक समूह पूरी गंभीरता के साथ इस पर विस्तृत चर्चा करता है और फिर लड़ाई करते-करते वीरगति (बाहर निकाल दिया जाता है) को प्राप्त होता है. कभी-कभी बुद्धिमान एंकर, समय समाप्ति की घोषणा के साथ विराम लगा दिया करते हैं.

कुल मिलाकर अपार धन, मन, समय और मान हानि के बाद चुनाव का कोई परिणाम सामने आता भी है तो, वो मासूम जनता जो अब तक चुप थी, अब प्रश्न करती है. शक़ करने लगती है. यद्यपि इस सारे ड्रामे में उसकी भूमिका ‘अतिथि कलाकार’ की ही रहती है. जिसे फ़िल्म के हिट या फ्लॉप हो जाने पर एक कौड़ी का भी लाभ नहीं मिलता. लेकिन अब जनता की सुप्त इन्द्रियां चेतनावस्था को प्राप्त करती हैं.

मेरा कहना बस ये है कि इतना सब कुछ बर्बाद करने की आवश्यकता ही क्या है? जब ये तय है कि देश की किसी को पड़ी ही नहीं और न ही कोई देशसेवा के लिए यहां आया है. सबको पद की भूख है या पैसे की. तो फिर पहले ही सब लोग आपस में मिलकर सारा मामला क्यों नहीं सुलटा लेते? ‘बरगद’ तो सदैव तैयार रहता ही है उसके खींसे से दस-दस करोड़ (इतने में ही बिक जाओगे, सौ ज़्यादा लग रहे) खींचते रहो और प्रेम से बांट लो. यही लेने तो आये हो. सत्ता में आने का भत्ता.

ठीक है. अब जनता को माफ़ करो. क्योंकि हमारी नाक में तो दर्द (कृपया इसे ‘दम’ पढ़ें) होना ही है आप सीधे पकड़ो या घुमाके. उफ़्फ़. काहे सब टीवी से चिपके पड़े? कोई हारे-जीते, हमारी बला से. हमने तो बेवकूफ ही बनना है न, जी.. अब और कितनी सहिष्णुता चईये तुमको? हां, नहीं तो !

अचानक धरम पाजी और महमूद साब की बहुत जोर वाली याद आ रही है, एक कहते थे "चुन-चुन के बदला लूंगा". और दूसरे ने बताया था कि "The whole thing is that कि भइया...सबसे बड़ा रुपैया' आप अन्तर्यामी हो.

नमन
-प्रीति 'अज्ञात'
#iChowk में  19-05-2018 को प्रकाशित 
https://www.ichowk.in/humour/karnataka-election-floor-test-know-what-is-horse-trading/story/1/11021.html

रविवार, 17 जून 2018

भारतीय परिवार और पिता

हमारी पितृसत्तात्मक व्यवस्था में पिता को यदि निर्णय लेने से सम्बंधित सभी अधिकार प्राप्त हैं और वह एक राजा की तरह प्रतीत होते हैं तो वहीं जीविकोपार्जन से लेकर परिवार की हर ख़ुशी के आगे वे अपनी व्यक्तिगत आवश्यकताओं और इच्छाओं को कब ताक़ पर रख देते हैं इसका अनुमान स्वयं उन्हें भी नहीं होता होगा! कुल मिलाकर पिता घर का मुखिया भी है और दुखिया भी। वह चाचा चौधरी और साबू दोनों का रोल प्ले करते हैं। मुसीबत के समय वे ही घर के रॉबिनहुड और स्पाइडर मैन भी हैं। सुपर हीरो की तरह हर समस्या का समाधान उनके पास ही होता है। 

हमारे हिन्दुस्तानी परिवारों में लड़कियों को कुकिंग एवं अन्य घरेलू काम सीखने की उपयोगिता बताते समय ये ताना मारा जाता है कि "ससुराल में जाकर हमारी नाक़ मत कटवा दियो" या फिर वो सुप्रसिद्ध पर अजीब सा डायलॉग कि "पति के दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है." गोया, पति न हुआ मगध साम्राज्य हो गया जिस पर राज करे और सम्पूर्ण प्रजा (ससुराल पक्ष) का दिल जीते बिना हम चक्रवर्ती नहीं बन सकते! पर ख़ैर, इस तरह की बातें लगभग सबने सुनी ही होंगी। मुद्दा यह है कि असल लानतें तो लड़कों के ही हिस्से में आती हैं। मसलन, "इस निकम्मे से कौन बियाह करेगा?", "सारा दिन मुफ्त की रोटी तुडवा लो बस", "बाप चप्पल घिसता रहे और ये साहबजादे, पलंग पर पड़े टीवी देखें", और सबसे क्लासिक "ख़ुद कमाओगे, तब पता चलेगा!"  

अस्सी के दशक तक पैदा होने वाले सभी लड़के यदि अपना बचपन याद करें तो उसमें आकाशगंगा की तरह उड़ती हुई चप्पल और उससे स्वयं को बचाने का प्रयास करती हुई एक तस्वीर अवश्य रोशन होगी। ये चप्पलें मम्मी-पापा या घर के किसी भी बड़े सदस्य की ओर से इन लड़कों की औंधी हरक़तों के एवज़ में तत्काल ईनाम स्वरूप प्राप्त होती थीं। यदि इनके पहले प्रहार से बच्चा उछलकर स्वयं को बचा लेता था, तो यह केस 'हाथ से गया' ही समझो! क्योंकि उसके बाद उसका कॉलर पकड़कर पीठ पर लात-घूंसों की जो सुनामी चलती थी उसकी आहें ये लड़के आज भी बचपन में ढूंढते हैं। 
इस हिंसक घटना के आफ्टर इफेक्ट की सबसे क्यूट बात ये होती थी कि कुटाई-पिटाई के बाद मम्मी उसका पसंदीदा खाना बनाती, बहिन अपने हिस्से का भी उसे ठूंसने को दे देती और बंदा लपर-लपर उसे खा भी लेता। पर पिता से उसकी खुन्नस हफ़्तों बरक़रार रहती। जैसे-तैसे बोलचाल शुरू होती भी, तब तक फिर धुनाई का नंबर आ जाता। मुझे लगता है कि लड़के इसलिए ही थोड़े ज्यादा जिद्दी और धुनी होते हैं। पिटते समय मुंह फाड़-फाड़कर इतना रोये हैं कि बड़े होने के बाद इन्हें ज्यादा रोना आ ही नहीं पाता क्योंकि इनके आँसुओं का स्टॉक बचपन में ही निबट गया था। 

आम भारतीय परिवारों में पिता और बेटी का जो रिश्ता होता है वैसा पिता-पुत्र का नहीं होता और एक अनकहा, अघोषित शीतयुद्ध दोनों में जारी रहता है। ये एक ही घर में दो कट्टर दुश्मनों के रहने जैसा है जिनके संदेशों का आदान-प्रदान करने के लिए स्त्री प्रजाति डाकिये की भूमिका निभाती आई है। जैसे, "अपने बेटे को बता देना, फलाना ढिकाना टाइप" या कि "आप पापा को बोल देना" इत्यादि। वैसे इतिहास की इक्का-दुक्का घटनाओं में ये दोनों प्राणी बिना आई कांटेक्ट के संवाद बोलते भी दृष्टिगोचर हुए हैं। 

पर जैसे माँ, बनने के बाद लडकियाँ बहुत कुछ समझने लगती हैं, वैसे ही पिता बनने के बाद लड़के भी सयाने हो जाते हैं। उनका अपने पिता के प्रति सम्मान बढ़ जाता है। बचपन की डांट और सारी बातों का अर्थ समझने लगते हैं। अपने पिता की बहुत परवाह करते हैं। बचपन का खोया जुड़ाव अब स्थापित होने लगता है। ये अच्छी बात है कि आजकल के बच्चे और माता-पिता के बीच अब पहले सी दूरियाँ नहीं होतीं और वे बेझिझक अपनी बात कह-सुन सकते हैं। लेकिन वे पुराने दिन भी कम हसीं नहीं थे। 

मेरे घर-परिवार के सदस्यों, मित्रों और आप सबको पिता-दिवस की असंख्य शुभकामनाएँ!
- प्रीति 'अज्ञात'
#iChowk में 17-6-2018 को प्रकाशित 
https://www.ichowk.in/society/father-is-everything-in-a-family-who-plays-many-roles/story/1/11381.html

बुधवार, 13 जून 2018

पहले प्रवचन देने वाले संत ख़ुद तो सुधरें!

राजस्थान सरकार की नैतिक मूल्यों वाली बात तो समझ आती है पर यहाँ एक गंभीर समस्या यह उभर सकती है कि प्रवचन देने वाले किसी धर्म विशेष पर ही फोकस करें और बच्चों के कोमल मस्तिष्क में उसी की महानता के गीत रच दिए जाएँ. इसलिए यह तय करना अत्यावश्यक है कि प्रवचन देने वाले धर्मगुरु केवल अपना झंडा न फहराते हुए सभी धर्मों के समर्थक हों और 'सर्व-धर्म-समभाव' में विश्वास रखते हों. अन्यथा ये विद्यालय अपने मूल उद्देश्य से भटककर 'धर्म प्रशिक्षण केंद्र' बनकर रह जायेंगे.

यूँ तो पहले भी विद्यालयों में नैतिक एवं शारीरिक शिक्षा एक विषय हुआ करता था तथा अब भी कई विद्यालय इस पक्ष की ओर ध्यान देते हुए मैडिटेशन करवाते हैं, विविध उत्सवों पर कार्यक्रम करते हुए छात्रों को उनसे सम्बंधित सम्पूर्ण जानकारी भी देते ही हैं. अतः इस क़दम से छात्रों को प्राप्त लाभ का अनुमान लगा पाना कठिन है पर चलो, रुटीन पढ़ाई से एक ब्रेक तो मिलेगा ही उन्हें और विद्यार्थियों के लिए ऐसी क्लासेज चैन की बंसी बजाने की तरह होंगीं.

पर क्या ऐसा नहीं लगता कि नैतिकता, ईमानदारी, सच्च्चाई, आदर्शवादिता और अच्छे संस्कार; परिवार और परिवेश से आते हैं! हर बात की जिम्मेदारी स्कूल ही क्यों ले? यह माता-पिता और परिवार का मूल कर्त्तव्य है कि वे अपने बच्चों को न केवल जीवन की सही राह दिखाएँ बल्कि स्वयं उन मूल्यों पर चलकर उनके आदर्श बनें.
यदि प्रवचन से ही ज्ञान प्राप्ति होती तो अपनी ही आवाज सुनकर शालीनता और भक्ति का नकली आडम्बर ओढ़े 'तथाकथित' बाबा आसाराम, राम पाल, राम रहीम, राधे माँ और इन जैसे कितने ही संत टाइप लोग स्वयं ही सुधर चुके होते और आदर्श संतों की छवि पर यूँ बट्टा न लगता.

हाँ, एक बात और....यदि प्रवचन से ही नैतिक मूल्यों का प्रादुर्भाव होता है तो क्यों न 'प्रौढ़ शिक्षा कार्यक्रम' के अंतर्गत सबसे पहले नेताओं की ही क्लास ली जाये क्योंकि पतन की पराकाष्ठा और कट्टर प्रथा तो यहीं से प्रारम्भ हुई है. तो फिर सुधार का परीक्षण और अभ्यास भी यहीं से क्यों न हो!
वैसे एक मज़ेदार आईडिया और भी है  पहले शनिवार को भाजपा समर्थक महापुरुषों का, दूसरे शनिवार कांग्रेस, तीसरे में आप तथा चौथे, पाँचवे में अन्य दलों को स्थान दिया जाए. इससे बारहवीं पास करते-करते बच्चे यह भी तय कर लेंगे कि उन्हें किस तरह का नेता बनना या नहीं बनना है. ऐवीं पढ़ लिखकर वैसे भी क्या फ़ायदा होना है! बोलो तारा रा!
- प्रीति 'अज्ञात'
#प्रवचन#संत#स्कूल 
#iChowk में 14-06-2018 को प्रकाशित
https://www.ichowk.in/society/government-school-students-will-listen-spiritual-discourse-in-rajasthan/story/1/11335.html